सिविल लाइन में अवैध हुक्का बार पर पुलिस का छापा, तीन गिरफ्तार


संचालक पर भी मामला दर्ज, हुक्का सामग्री व नकदी जब्त
बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित हुक्का बार पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए उसे बंद करा दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि हुक्का बार संचालक को भी प्रकरण में आरोपी बनाया गया है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन निमितेश सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी सिविल लाइन की टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान हुक्का बार मैनेजर विकम ठाकुर (20) निवासी मंदिर चौक जरहामाठा, रितेश विश्वकर्मा (25) निवासी मसानगंज मध्य नगरी चौक तथा अरबाज खान (23) निवासी आजाद चौक मंगला को गिरफ्तार किया गया। वहीं हुक्का बार संचालक विनोद ठाकुर को मामले में आरोपी बनाया गया है।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 6 हुक्का पार्ट, 8 कोयला कोको जेल, 4 स्टेन, 7 चिलम, 8 पाइप, 1 कोल हिटर, 1 हिसाब पंजी, ₹3000 नगद राशि और 3 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस का कहना है कि हुक्का बार का संचालन नियमों के विरुद्ध किया जा रहा था, जिससे युवाओं के स्वास्थ्य और कानून-व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध गतिविधियों, विशेषकर अवैध हुक्का बार और नशे से जुड़े मामलों पर सख्ती जारी रहेगी। आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार की जाएगी ताकि कानून का उल्लंघन करने वालों में भय बना रहे और शहर में शांति व्यवस्था कायम रखी जा सके।

The News Related To The News Engaged In The https://apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.



