एनटीपीसी सीपत में कंटेनर चोरी का खुलासा, चार आरोपी व दो अपचारी बालक गिरफ्तार

0

रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय

IMG-20260208-WA0653.jpg

सीपत पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 4.33 लाख का सामान बरामद

सीपत/बिलासपुर। एनटीपीसी सीपत स्थित फ्लाई ऐश कांटा घर के कंटेनर में हुई लाखों की चोरी का सीपत पुलिस ने सफलतापूर्वक पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से चोरी में शामिल चार आरोपियों, दो विधि से संघर्षरत अपचारी बालकों तथा चोरी का माल खरीदने वाले तीन खरीदारों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 4 लाख 33 हजार रुपये मूल्य का पूरा चोरी गया सामान बरामद कर लिया गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार एनटीपीसी सीपत में ऐश मैनेजमेंट विभाग में अपर महाप्रबंधक के पद पर पदस्थ अनंत कुमार वाष्णेय ने थाना सीपत में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ग्राम कौड़िया के समीप राखड़ डेम क्षेत्र में बने दो कांटा (कंटेनर) घरों के ताले तोड़कर अज्ञात चोरों ने एसी, कंप्यूटर, प्रिंटर, इन्वर्टर सहित अन्य कीमती सामग्री चोरी कर ली है। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 4.33 लाख रुपये आंकी गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी सीपत ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए विशेष टीम का गठन किया। मुखबिर की सूचना पर जांजी क्षेत्र के कुछ युवकों पर संदेह जताया गया, जिनके पास चोरी का सामान बिक्री के लिए होने की जानकारी मिली थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विष्णु सोनकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपने साथियों अमन खरे, गुलशन कुमार बंजारे, यश कुमार डोंगरे तथा दो अपचारी बालकों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया पूरा सामान—दो एसी, दो इन्वर्टर बैट्री सहित, तीन डिस्प्ले यूनिट, दो कंप्यूटर सेट, एक प्रिंटर, दो कुर्सी और एक टेबल—बरामद कर लिया। इसके अलावा चोरी का सामान खरीदने वाले कृष्ण कुमार, गौतम खांडे और ईश्वर पटेल को भी गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने सभी वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि दो अपचारी बालकों को किशोर न्याय बोर्ड बिलासपुर के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इस पूरे मामले में शत-प्रतिशत मशरूका बरामद करने और त्वरित कार्रवाई के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।

इस कार्रवाई में उप निरीक्षक धर्मेंद्र यादव, प्रधान आरक्षक मनहरण सिंह, आरक्षक शरद साहू, रामसनेही साहू, प्रकाश जगत और नितिश कश्यप की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में चोरी और अन्य अपराधों पर सख्ती से अंकुश लगाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!