कवर्धा में विकास को नई रफ्तारउप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने 2.80 करोड़ के निर्माण कार्यों की रखी आधारशिला

0
IMG-20260212-WA0938.jpg

कवर्धा। कवर्धा नगर के सर्वांगीण विकास को गति देते हुए प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने आज शहर में 2 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों की आधारशिला रखी। अंबेडकर चौक से समनापुर पुल तक बी.टी. रोड एवं नाली निर्माण तथा लक्ष्मी नारायण मंदिर के पास सामुदायिक भवन निर्माण कार्य का विधिवत पूजा-अर्चना कर भूमिपूजन किया गया।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि नगर विकास के लिए सड़क, नाली और सामुदायिक भवन जैसी आधारभूत सुविधाएं अत्यंत आवश्यक हैं। अंबेडकर चौक से समनापुर पुल तक लगभग 2 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से बी.टी. रोड एवं नाली का निर्माण किया जाएगा, जिससे आवागमन सुगम होगा और आम नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। वहीं लक्ष्मी नारायण मंदिर के पास 20 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन का निर्माण किया जाएगा, जो सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि नगर के विकास के लिए आधारभूत संरचनाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को निःशुल्क गैस सिलेंडर एवं चूल्हा भी वितरित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों के लिए अब आवास स्वीकृति का मार्ग पूरी तरह साफ हो गया है। जो लोग जिस स्थान पर काबिज हैं और समेकित कर, बिजली बिल या संपत्ति कर जमा कर रहे हैं, अथवा जिनके पास पुराना पट्टा है, ऐसे सभी पात्र हितग्राहियों को आवास का लाभ दिया जाएगा। नगर पालिका द्वारा कब्जा प्रमाण पत्र जारी किए जाएंगे, जिससे आवास स्वीकृति में कोई बाधा नहीं आएगी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 2 लाख 36 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि अंबेडकर चौक के समीप 30 लाख रुपये की लागत से सियान सदन का निर्माण किया जाएगा, जहां वरिष्ठ नागरिकों के लिए सुविधाएं उपलब्ध होंगी। शहर के प्रमुख चौकों के सौंदर्यीकरण के लिए भी 20-20 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। कवर्धा कॉलेज परिसर में 4.5 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक डिजिटल नालंदा परिसर का निर्माण किया जा रहा है। घोटिया क्षेत्र में 354 करोड़ रुपये की लागत से मेडिकल कॉलेज भवन का निर्माण प्रारंभ हो चुका है। वहीं रायपुर–बिलासपुर मार्ग के 7.8 किलोमीटर हिस्से को फोरलेन बनाने के लिए 54 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने कहा कि उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के मार्गदर्शन में कवर्धा नगर का चौमुखी विकास हो रहा है। गौरव पथ रोड, नया बस स्टैंड मार्ग, चौपाटी, हनुमंत वाटिका और धार्मिक स्थलों में किए गए विकास कार्य इसकी मिसाल हैं। लंबे समय से प्रतीक्षित सड़क और सामुदायिक भवन निर्माण से क्षेत्रवासियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, जनप्रतिनिधि, पार्षद और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!