कवर्धा से गुजरात तक आत्मनिर्भरता की पहलउन्नत पशुपालन और डेयरी प्रबंधन सीखने बनासकाठा रवाना हुए पशुपालक व बिहान की दीदियां


रिपोर्टर ✒️ कमलेश सिंह
कवर्धा। ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने सोमवार को समनापुर पुल के पास से कबीरधाम जिले के पशुपालकों और बिहान समूह की दीदियों को गुजरात के बनासकाठा शैक्षणिक भ्रमण के लिए रवाना किया। उप मुख्यमंत्री ने बस को हरी झंडी दिखाकर यात्रा का शुभारंभ किया और स्वयं बस में पहुंचकर प्रतिभागियों से संवाद किया।


उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि यह शैक्षणिक भ्रमण केवल औपचारिक यात्रा नहीं, बल्कि सीखने और अनुभव को जिले में लागू करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने पशुपालकों और बिहान समूह की दीदियों से आग्रह किया कि वे बनासकाठा डेयरी कोऑपरेटिव और अमूल डेयरी के उन्नत मॉडल को गंभीरता से समझें। वहां की पशुपालन तकनीक, दुग्ध संकलन, प्रसंस्करण, गुणवत्ता नियंत्रण और विपणन व्यवस्था से प्राप्त अनुभव कबीरधाम जिले में दुग्ध उत्पादन और ग्रामीण आय बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगा।

शर्मा ने बताया कि इस भ्रमण से प्रतिभागियों को संतुलित चारा विकास, आधुनिक पशुपालन तकनीक, डेयरी कोऑपरेटिव की कार्यप्रणाली, डेयरी उत्पाद निर्माण और विपणन से जुड़ा व्यावहारिक ज्ञान मिलेगा। उन्होंने कहा कि सहकारी मॉडल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है और इसे अपनाकर किसानों व महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि उप मुख्यमंत्री के विशेष प्रयासों से कबीरधाम जिले के 17 बिहान समूहों की दीदियां और 17 पशुपालक इस शैक्षणिक भ्रमण में शामिल हो रहे हैं। यह दल देश-विदेश में प्रसिद्ध बनासकाठा डेयरी कोऑपरेटिव और अमूल डेयरी कोऑपरेटिव का प्रत्यक्ष अवलोकन करेगा, जो सफल सहकारी व्यवस्था और उन्नत दुग्ध उत्पादन प्रणाली के लिए जाना जाता है।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण महिलाओं और पशुपालकों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। बिहान समूहों के माध्यम से महिलाओं को संगठित कर उन्हें आर्थिक गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है, वहीं पशुपालन विभाग द्वारा दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और पशुपालकों की आय में वृद्धि के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य रामकुमार भट्ट, डॉ. बीरेन्द्र साहू, मनिराम साहू, विजय पाटिल, नगर पालिका उपाध्यक्ष पवन जायसवाल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष पटेल, पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, बिहान समूह की दीदियां और बड़ी संख्या में पशुपालक उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The https://apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.



