अरपा नदी चेकडैम के नीचे मिले युवक के शव का खुलासा, लूट की नीयत से की गई थी हत्या
बिलासपुर। सिटी कोतवाली पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए युवक की हत्या के मामले का खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया है कि युवक की हत्या लूट के उद्देश्य से की गई थी। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
थाना में दर्ज अपराध क्रमांक 122/2026 के तहत यह मामला सामने आया। मृतक की पहचान राजेंद्र सूर्यवंशी (25 वर्ष), निवासी ग्राम नरगोड़ा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार 15 जुलाई 2025 को स्थित चेकडैम के नीचे एक अज्ञात शव मिलने की सूचना पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई थी। बाद में पोस्टमार्टम रिपोर्ट, डायटम रिपोर्ट, विसरा रिपोर्ट और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि युवक की हत्या की गई है।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने विकास उर्फ भोले केवट (20 वर्ष) और शनि उर्फ छोटू गंधर्व (20 वर्ष) को हिरासत में लिया। सीएसपी सिटी कोतवाली तथा थाना प्रभारी द्वारा मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने पर दोनों ने जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपियों ने बताया कि घटना के दिन वे पचड़ी घाट डैम के दूसरी ओर नदी किनारे शराब पीने के बाद लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने राजेंद्र को अकेला बैठा देखा। मोबाइल और नकदी होने की आशंका में उन्होंने लूट की नीयत से उसके साथ मारपीट की। विरोध करने पर गंभीर पिटाई की गई, जिससे युवक अचेत हो गया। इसके बाद सबूत मिटाने के इरादे से उसे पुल की रेलिंग से नीचे नदी में फेंक दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी मृतक का मोबाइल और नकदी लेकर फरार हो गए थे। पुलिस ने लूटा गया मोबाइल बरामद कर लिया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई नियमानुसार जारी है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




