कोल इंडिया मेडिकल कॉन्फ्रेंस – सिमेकॉन 2026 का सफल समापन

0
IMG_20260302_212048

• मुख्य अतिथि डॉ. विनय रंजन की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ समापन समारोह

बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) बिलासपुर की मेजबानी में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन CIMECON 2026 का आज 02 मार्च 2026 को सफलतापूर्वक समापन हुआ। सम्मेलन में देशभर से आए चिकित्सकों, विशेषज्ञों और चिकित्सा प्रशासकों ने सक्रिय सहभागिता की।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. विनय रंजन, निदेशक (मानव संसाधन), कोल इंडिया लिमिटेड रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास ने की। इस अवसर पर कोल इंडिया के चिकित्सा विभागाध्यक्ष डॉ. सोमशुभ्रो गुप्ता, एसईसीएल के चिकित्सा सेवा प्रमुख डॉ. श्रुतिदेव मिश्रा, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरिहंत जैन सहित अनेक वरिष्ठ चिकित्सक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

स्वस्थ कार्यबल ही उत्पादकता की आधारशिला

समापन समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. विनय रंजन ने कहा कि कोल इंडिया को अपने लगभग 1200 समर्पित चिकित्सकों के सशक्त नेटवर्क पर गर्व है, जो देशभर के कोलफील्ड क्षेत्रों में स्थित 16 बड़े अस्पतालों एवं 80 से अधिक क्षेत्रीय अस्पतालों के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चिकित्सक केवल उपचारकर्ता नहीं, बल्कि संगठन की उत्पादकता, सुरक्षा और कार्यक्षमता के मजबूत स्तंभ हैं। स्वस्थ कार्यबल ही उच्च उत्पादकता की आधारशिला होता है।

उन्होंने चिकित्सा सेवाओं में आधुनिक तकनीक, डिजिटल हेल्थ मॉनिटरिंग, डेटा एनालिटिक्स तथा तकनीक-सक्षम स्वास्थ्य प्रणालियों के प्रभावी उपयोग पर विशेष जोर देते हुए कहा कि भविष्य की स्वास्थ्य सेवाएं पारदर्शी, परिणामोन्मुखी और नवाचार आधारित होनी चाहिए।

तीन दिन चला ज्ञान और अनुभव का संगम

तीन दिनों तक चले इस राष्ट्रीय सम्मेलन में प्री-कॉन्फ्रेंस वर्कशॉप, वैज्ञानिक सत्र एवं तकनीकी प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया। देश के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों से आए 250 से अधिक चिकित्सकों एवं विशेषज्ञों तथा कोल इंडिया एवं उसकी सहायक कंपनियों के डॉक्टरों ने शोधपत्र, केस स्टडी और व्यावहारिक अनुभव साझा किए।

सम्मेलन में खनन क्षेत्रों में व्यावसायिक रोगों की पहचान, आपातकालीन चिकित्सा प्रबंधन, उन्नत निदान तकनीक, टेलीमेडिसिन, डिजिटल हेल्थ मॉनिटरिंग, अस्पताल प्रबंधन प्रणाली जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।

प्रतिभाओं को मिला सम्मान

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा सर्वश्रेष्ठ केस प्रेजेंटेशन प्रस्तुत करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए तथा सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।

नवाचार और ज्ञान-विनिमय का सशक्त मंच

सिमेकॉन 2026 ने चिकित्सा क्षेत्र में ज्ञान-विनिमय, अनुभव साझाकरण एवं नवाचार को प्रोत्साहित करने का एक सशक्त मंच प्रदान किया। सम्मेलन के सफल आयोजन ने कोल इंडिया एवं एसईसीएल की व्यावसायिक स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!