सूने मकान में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 9.54 लाख के जेवर-नगदी बरामद
जांजगीर पुलिस व साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई, 300 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगालने के बाद मिले सुराग
जांजगीर-चांपा। सूने मकानों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए जांजगीर पुलिस और साइबर थाना की टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, नगदी रकम और चोरी में प्रयुक्त स्कूटी सहित कुल 9 लाख 54 हजार रुपए की संपत्ति बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से 50 ग्राम सोना, 796 ग्राम चांदी के आभूषण और 3600 रुपए नगद बरामद किए गए हैं। मामले में दो आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है।
300 से अधिक CCTV फुटेज से मिला अहम सुराग
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS) के निर्देश पर जांजगीर क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन और सीएसपी योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में थाना चाम्पा व साइबर थाना की टीम ने जांच शुरू की।
साइबर थाना की टीम ने घटना स्थल और आसपास के क्षेत्रों के करीब 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के विश्लेषण के बाद संदिग्धों की पहचान कर पुलिस ने आरोपियों तक पहुंच बनाई।
रात में दीवार फांदकर घर में घुसे
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी अपने साथियों के साथ जांजगीर क्षेत्र में सूने मकानों की रेकी करता था। आरोपियों ने चोरी की योजना बनाकर अपने पड़ोसी से इलाज कराने जाने का बहाना बनाकर सुजुकी एक्सेस स्कूटी (CG-10-CC-1267) ली और 26 फरवरी की रात करीब 8 बजे बिलासपुर से जांजगीर के लिए निकले।
जांजगीर पहुंचकर आरोपियों ने नहर किनारे स्थित एक सूने मकान को निशाना बनाया। पास के निर्माणाधीन मकान से लोहे की रॉड लेकर दीवार फांदकर रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच घर में प्रवेश किया और दरवाजे का ताला तथा अलमारी तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण और नगदी चोरी कर ली।
चोरी के बाद आरोपी सुनसान मैदान में पहुंचे और नगदी रकम आपस में बांट ली, जबकि जेवर मुख्य आरोपी ने बाद में बांटने की बात कहकर अपने पास रख लिए। इसके बाद सभी आरोपी स्कूटी से वापस बिलासपुर लौट गए।
चोरी के जेवर बेचने के लिए बनाई चैन
चोरी के बाद आरोपियों ने चांदी के आभूषण बेचने के लिए बिलासपुर के जीत कुमार सूर्यवंशी (22) निवासी सूर्यवंशी मोहल्ला तोरवा की मदद ली। जीत कुमार ने उन्हें अपने परिचित गीता प्रसाद साहू (37) निवासी देवरीखुर्द बिलासपुर से मिलवाया।
इसके बाद गीता प्रसाद साहू ने चोरी के चांदी के आभूषण सूरज सोनी (34) निवासी गुड़ीपारा खरौद के पास बेच दिए, जिससे करीब 80 हजार रुपए मिले। इस रकम में से 12-12 हजार रुपए जीत कुमार और गीता प्रसाद ने अपने पास रख लिए और बाकी रकम मुख्य आरोपी को दे दी।
तीन आरोपी गिरफ्तार, दो फरार
पुलिस ने मामले में
- जीत कुमार सूर्यवंशी (22) निवासी तोरवा, बिलासपुर
- गीता प्रसाद साहू (37) निवासी देवरीखुर्द, बिलासपुर
- सूरज सोनी (34) निवासी गुड़ीपारा खरौद
को गिरफ्तार किया है। एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है, जबकि मुख्य आरोपी सहित दो आरोपी अभी फरार हैं।
पुलिस टीम को मिली सफलता
पूरे मामले की कार्रवाई में थाना प्रभारी चाम्पा निरीक्षक जेपी गुप्ता, साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक, उपनिरीक्षक कमलदास बैनर्जी, सहायक उपनिरीक्षक अरुण सिंह सहित साइबर और थाना स्टाफ की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




