दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय में इंटर-जोनल सतर्कता ऑडिट समीक्षा बैठक
पश्चिम मध्य रेलवे की सतर्कता टीम ने की समीक्षा, पारदर्शिता और जवाबदेही मजबूत करने पर जोर
बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय में इंटर-जोनल सतर्कता ऑडिट के तहत महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह ऑडिट पश्चिम मध्य रेलवे जबलपुर की सतर्कता टीम द्वारा किया गया। बैठक में दोनों जोनों के अधिकारियों ने सतर्कता तंत्र, निवारक उपायों और प्रणालीगत सुधारों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश, अपर महाप्रबंधक, सभी प्रधान विभागाध्यक्ष और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं पश्चिम मध्य रेलवे की सतर्कता टीम का नेतृत्व वरिष्ठ उप महाप्रबंधक नीरज कुमार ने किया, जिनके साथ विभिन्न विभागों के वरिष्ठ सतर्कता अधिकारी भी शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत पश्चिम मध्य रेलवे की सतर्कता टीम के स्वागत से हुई। इस अवसर पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के वरिष्ठ उप महाप्रबंधक सह मुख्य सतर्कता अधिकारी मनोज गुरुमुखी ने स्वागत संबोधन देते हुए इंटर-जोनल सतर्कता ऑडिट के महत्व पर प्रकाश डाला।
बैठक के दौरान पश्चिम मध्य रेलवे की टीम ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में संचालित विभिन्न सतर्कता तंत्र, निवारक उपायों तथा विभागों में लागू प्रणालीगत सुधारों की विस्तृत समीक्षा की। इसके बाद पश्चिम मध्य रेलवे के वरिष्ठ उप महाप्रबंधक ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में संचालित सतर्कता गतिविधियों, पहलों और उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण किया।
समीक्षा बैठक के माध्यम से दोनों जोनों के अधिकारियों को श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों (बेस्ट प्रैक्टिस) साझा करने, प्रणालीगत सुधारों की पहचान करने तथा संगठन में पारदर्शिता और जवाबदेही को और अधिक मजबूत बनाने का अवसर मिला।
बैठक को संबोधित करते हुए महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने कहा कि सतर्कता ऑडिट भारतीय रेल में ईमानदारी, पारदर्शिता और नियमों के पालन को सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे ऑडिट से मिलने वाले सुझाव संगठन की आंतरिक व्यवस्थाओं को मजबूत करने और सुशासन को बढ़ावा देने में सहायक होते हैं।
बैठक में भविष्य की कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इसमें सतर्कता प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने तथा निवारक सतर्कता तंत्र को मजबूत करने के उपायों पर विचार किया गया। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के इंटर-जोनल ऑडिट पारदर्शी प्रशासन और बेहतर कार्यप्रणाली की दिशा में भारतीय रेल के सतत प्रयासों का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




