किसान नेत्री रत्नावली कौशल सम्मानित, उन्नत खेती को बढ़ावा देने के प्रयासों को मिली सराहना
कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने ‘फार्म टू फार्मर’ कार्यक्रम में किया सम्मानित
मुंगेली/रायपुर। कृषि क्षेत्र में नवाचार और आधुनिक तकनीकों के प्रसार में उल्लेखनीय योगदान देने वाली किसान नेत्री रत्नावली कौशल को राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया। भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण की पूर्व सदस्य रत्नावली कौशल को यह सम्मान रायपुर स्थित प्रतिष्ठित होटल बेबीलॉन में आयोजित ‘फार्म टू फार्मर’ कार्यक्रम के दौरान प्रदान किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने उन्हें मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया।
कृषि नवाचारों के लिए मिली पहचान
इस अवसर पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने रत्नावली कौशल के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने प्रदेश के किसानों के बीच आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए जो प्रयास किए हैं, वे प्रेरणादायक हैं। उन्होंने कहा कि खेती में नई तकनीकों का उपयोग ही किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को लाभकारी बनाने का प्रमुख माध्यम है।
किसानों को कर रहीं आधुनिक खेती के लिए प्रेरित
रत्नावली कौशल लंबे समय से किसानों के बीच जाकर उन्हें उन्नत कृषि पद्धतियों के बारे में जागरूक कर रही हैं। उन्होंने किसानों को पारंपरिक खेती की सीमाओं से बाहर निकलकर आधुनिक तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया। उनके प्रयासों से कई किसान नई तकनीकों की ओर अग्रसर हुए हैं और बेहतर उत्पादन प्राप्त कर रहे हैं।
फसल चक्रण और विविध खेती पर दिया जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रत्नावली कौशल ने फसल चक्रण, दलहन और तिलहन की खेती को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने बताया कि एक ही फसल पर निर्भर रहने के बजाय विविध फसलों की खेती करने से भूमि की उर्वरता बनी रहती है और किसानों को बेहतर लाभ मिलता है। साथ ही उन्होंने गन्ना खेती को भी लाभकारी बताते हुए कहा कि राज्य में शक्कर कारखानों की स्थापना के कारण इसकी मांग बढ़ रही है।
सरकारी योजनाओं का उठाने का आह्वान
उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित किसान कल्याण योजनाओं की जानकारी साझा करते हुए किसानों से इनका अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की। रत्नावली कौशल ने कहा कि इन योजनाओं के सही उपयोग से किसान अपनी आय को दोगुना-तिगुना कर सकते हैं और आत्मनिर्भर बन सकते हैं।
सम्मान से बढ़ा उत्साह
इस सम्मान से रत्नावली कौशल के कार्यों को नई पहचान मिली है। किसान समुदाय और सामाजिक संगठनों ने भी उनके इस सम्मान पर खुशी जताई है। यह उपलब्धि न केवल उनके लिए, बल्कि पूरे क्षेत्र के किसानों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




