दिल्ली में कुख्यात बदमाश ‘गंजा’ का एनकाउंटर, 75 से ज्यादा मामलों में था वॉन्टेड
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के बदरपुर इलाके में पुलिस और कुख्यात बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में बड़ी सफलता हाथ लगी है। दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने देर रात हुई कार्रवाई में शातिर अपराधी मोहम्मद सलीम उर्फ ‘गंजा’ को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उसका इलाज अस्पताल में जारी है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नासिर-दानिश पहलवान गिरोह का सक्रिय सदस्य सलीम किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में बदरपुर क्षेत्र में आने वाला है। सूचना के आधार पर STF टीम ने इलाके में घेराबंदी कर निगरानी शुरू की। जैसे ही आरोपी मौके पर पहुंचा, पुलिस ने उसे रुकने का संकेत दिया, लेकिन खुद को घिरता देख उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर मौके पर ही काबू में आ गया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मोहम्मद सलीम उर्फ ‘गंजा’ लंबे समय से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती, चोरी और सेंधमारी जैसे 75 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह 20 से ज्यादा गंभीर मामलों में वांछित था। उसका नाम चर्चित गैंगस्टर सलीम पहलवान की हत्या में भी सामने आया था।
मुठभेड़ के बाद मौके से अवैध हथियार, जिंदा कारतूस और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि फरारी के दौरान उसे किन लोगों ने शरण दी और वह किन आपराधिक घटनाओं की योजना बना रहा था।
पुलिस का मानना है कि इस गिरफ्तारी से राजधानी में सक्रिय आपराधिक गिरोहों पर बड़ा असर पड़ेगा और अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी। यह कार्रवाई अपराधियों के लिए सख्त संदेश के रूप में भी देखी जा रही है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




