तमिल टीवी जगत को बड़ा झटका: अभिनेत्री सुभाषिनी का निधन, कथित आत्महत्या से शोक की लहर
चेन्नई। तमिल टीवी इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। लोकप्रिय अभिनेत्री सुभाषिनी का निधन हो गया है। 36 वर्षीय अभिनेत्री ने चेन्नई के अय्यप्पनथंगल स्थित एक निजी अपार्टमेंट में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे मनोरंजन जगत में शोक की लहर फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अभिनेत्री अपने पति के साथ पारिवारिक विवाद से गुजर रही थीं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक 5 अप्रैल की रात उनका पति से वीडियो कॉल पर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि इस दौरान उन्होंने मानसिक तनाव में आकर आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।
सुभाषिनी मूल रूप से श्रीलंका से थीं और चेन्नई में रहकर अभिनय कर रही थीं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 2012 में फिल्म इनी अवन से की थी, लेकिन उन्हें असली पहचान टीवी शो कयाल से मिली, जिससे वह घर-घर में जानी जाने लगीं। इसके अलावा उन्होंने एल्लम मेला इरुक्किरवन पाथुप्पन सहित कई प्रोजेक्ट्स में काम किया था और सामाजिक जागरूकता से जुड़े वीडियो में भी सक्रिय रहीं।
बताया जा रहा है कि 12 अप्रैल को उनका जन्मदिन था, जबकि 21 अप्रैल को उनकी शादी की दूसरी सालगिरह आने वाली थी। इस बीच उनके आकस्मिक निधन ने उनके परिवार, प्रशंसकों और पूरी इंडस्ट्री को गहरे सदमे में डाल दिया है।
पुलिस का प्राथमिक अनुमान है कि मानसिक तनाव इस घटना का कारण हो सकता है, हालांकि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.


