(उमरिया) झाड़ियों में बाघ का क्षत-विक्षत शव मिलने से हड़कंप, जांच में जुटा वन अमला

0
50-2-1200x903

उमरिया । मध्यप्रदेश के उमरिया जिले में स्थित राज्य वन विकास निगम क्षेत्र में एक बाघ का क्षत-विक्षत शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, यह शव चंदवार बीट के पी-111 राजस्व क्षेत्र में झाड़ियों के बीच पाया गया। शव की स्थिति अत्यंत खराब होने के कारण प्रथम दृष्टया बाघ की मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। आशंका जताई जा रही है कि घटना कुछ दिन पुरानी हो सकती है।

सूचना मिलते ही वन विभाग और राज्य वन विकास निगम की संयुक्त टीम घटनास्थल पर पहुंची और पूरे क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया। जांच में डॉग स्क्वाड की भी मदद ली जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या शिकार से जुड़े सुराग मिल सकें।

उमरिया परियोजना मंडल के संभागीय प्रबंधक अमित पटौदी ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि बाघ की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।

घटना के बाद पूरे वन क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है और सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया गया है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!