आईआईटी भिलाई में पीएमश्री स्कूलों के शिक्षकों का 5 दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न, आधुनिक तकनीक से रूबरू हुए शिक्षक

0
IMG-20260408-WA0153

मुंगेली। छत्तीसगढ़ के पीएमश्री स्कूलों में कार्यरत विज्ञान एवं गणित शिक्षकों के क्षमता विकास हेतु आईआईटी भिलाई में पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। यह प्रशिक्षण 30 मार्च से 3 अप्रैल 2026 तक आयोजित किया गया, जिसमें प्रदेशभर के 148 शिक्षकों ने भाग लिया।

छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग एवं समग्र शिक्षा के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों को आधुनिक विज्ञान एवं तकनीक से जोड़ना और उन्हें नई शिक्षा पद्धतियों में दक्ष बनाना था। प्रशिक्षण में पीएमश्री राज्य प्रभारी आशीष गौतम की विशेष उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों को साइंस एंड टेक्नोलॉजी, कम्युनिटी हेल्थ, राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) इंटीग्रेशन, सस्टेनेबल बिल्डिंग प्रैक्टिस, एस्ट्रोफिजिक्स, नैनो टेक्नोलॉजी, 3डी प्रिंटिंग, सीपीआर ट्रेनिंग, करियर गाइडेंस एवं सामाजिक जिम्मेदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही शिक्षकों को फिजिक्स, केमिस्ट्री, कंप्यूटर, रोबोटिक्स, मेकाट्रॉनिक्स लैब एवं नेचर गार्डन का अवलोकन भी कराया गया।

इस प्रशिक्षण के माध्यम से शिक्षकों को प्रयोगात्मक एवं व्यवहारिक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया गया, जिससे विद्यार्थी बेहतर तरीके से विषयों को समझ सकें। पीएमश्री योजना का उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को प्रभावी रूप से लागू करते हुए स्कूलों को रोल मॉडल बनाना है।

कार्यक्रम में उत्कृष्ट योगदान के लिए मुंगेली जिले की व्याख्याता भौतिकी पारुल ओझा को बिलासपुर संभाग का लीडर चुना गया, जिन्होंने प्रशिक्षण में सक्रिय भूमिका निभाते हुए जिले का नाम गौरवान्वित किया।

उल्लेखनीय है कि मुंगेली जिले से पारुल ओझा (पीएमश्री सेजेस दाऊपारा), शान्तिमुक्ता कुल्लू (पीएमश्री एकलव्य बंधवा), कैवल्य गुप्ता (पीएमश्री सेजेस पथरिया) एवं विश्वनाथ देवांगन (पीएमश्री सेजेस बीआर साव) ने इस प्रशिक्षण में सहभागिता की।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित हुआ, जिससे वे आधुनिक तकनीक के माध्यम से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!