खाद विक्रय केंद्र में अनियमितता पर सख्त कार्रवाई, गोदाम सील

0
Screenshot_20260408_143305

बेमेतरा । जिले में कृषि आदान सामग्रियों की सुचारू उपलब्धता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा सतत निगरानी एवं निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में उप संचालक कृषि मोरध्वज डडसेना ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में उड़नदस्ता दल का गठन किया गया है तथा शिकायतों एवं त्वरित कार्रवाई के लिए कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। सहकारी समितियों एवं निजी खाद विक्रय केंद्रों का नियमित निरीक्षण कर स्टॉक की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। इसी अभियान के तहत 06 अप्रैल 2026 को सहायक संचालक कृषि डॉ. श्याम लाल साहू द्वारा विकासखंड बेमेतरा अंतर्गत ग्राम कुसमी स्थित मां शक्ति कृषि केंद्र का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान केंद्र में उपलब्ध पीओएस (POS) मशीन में दर्ज खाद स्टॉक एवं भौतिक रूप से उपलब्ध खाद की मात्रा का मिलान किया गया, जिसमें दोनों के बीच स्पष्ट अंतर पाया गया। यह अनियमितता गंभीर प्रकृति की पाई गई, जिससे कृषि आदान वितरण प्रणाली की पारदर्शिता पर प्रश्नचिन्ह खड़ा होता है। मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभाव से संबंधित खाद गोदाम को सील कर दिया गया तथा विक्रय केंद्र की गतिविधियों को अस्थायी रूप से प्रतिबंधित कर दिया गया है, ताकि आगे किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो सके। कृषि विभाग द्वारा इस प्रकरण की विस्तृत जांच प्रारंभ कर दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि जांच उपरांत दोषी पाए जाने पर संबंधित संचालक के विरुद्ध उर्वरक नियंत्रण आदेश एवं प्रचलित नियमों के तहत कठोर वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा इस प्रकार की अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!