शेयर ट्रेडिंग में रकम दोगुनी करने का झांसा, 4 करोड़ की ठगी का आरोपी इंदौर से गिरफ्तार
राजनांदगांव । शेयर ट्रेडिंग और तंत्र-मंत्र के सहारे रकम दोगुनी करने का झांसा देकर लगभग 4 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को पुलिस ने मध्यप्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इस मामले का खुलासा एक आत्महत्या प्रकरण की जांच के दौरान हुआ।
कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक मिलन सिंह के अनुसार, प्रार्थी कोमल साहू ने 17 अक्टूबर 2025 को मानसिक तनाव के चलते जहर सेवन कर लिया था, जिसकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। मर्ग जांच के दौरान मृतक के पास से एक सुसाइड नोट बरामद किया गया। इसके साथ ही बैंक स्टेटमेंट और मोबाइल डेटा की गहन जांच की गई, जिससे पूरे मामले की परतें खुलती चली गईं।
जांच में सामने आया कि आरोपी मोहम्मद अजीज खान ने मृतक को शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर तथा कथित तंत्र-मंत्र (चटिया-मटिया) के जरिए रकम दोगुनी करने का लालच दिया था। आरोपी ने विभिन्न माध्यमों से करीब 4 करोड़ रुपये की राशि ठगी। रकम वापस न मिलने और कर्जदाताओं के दबाव के चलते मृतक गहरे मानसिक तनाव में आ गया था, जिसके चलते उसने आत्मघाती कदम उठा लिया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर उसे 3 अप्रैल को इंदौर से गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने नगद और बैंक खातों के माध्यम से बड़ी राशि प्राप्त करना स्वीकार किया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 318(4), 108, 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस ठगी में और कौन-कौन शामिल हैं।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.


