शराब घोटाले की जांच में ईओडब्ल्यू की बड़ी कार्रवाई, दुर्ग डिस्टलरी से तीन वाहन जब्त

0
02-14

रायपुर/दुर्ग। राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने बहुचर्चित शराब घोटाले की जांच में बड़ी कार्रवाई करते हुए दुर्ग स्थित एक डिस्टलरी से तीन वाहनों को जब्त किया है। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि इन वाहनों का उपयोग अवैध शराब के परिवहन के लिए किया जा रहा था, जिससे पूरे मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है।

जांच एजेंसी द्वारा जुटाए गए डिजिटल एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर यह पुष्टि हुई है कि डिस्टलरी से सीधे कुछ चुनिंदा शासकीय शराब दुकानों तक अवैध शराब की सप्लाई की जा रही थी। बताया जा रहा है कि इस नेटवर्क को संचालित करने के लिए डिस्टलरी संचालक अपने विश्वसनीय लोगों के माध्यम से छोटे ट्रांसपोर्टरों के वाहनों का उपयोग कर रहा था, जिससे अवैध गतिविधियों को छिपाने की कोशिश की जा सके।

यह कार्रवाई शराब घोटाला प्रकरण क्रमांक 04/2024 के तहत की गई है, जिसमें भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत जांच जारी है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी बिलासपुर और मुंगेली जिले की डिस्टलरियों से कुल 16 वाहनों को जब्त किया जा चुका है।

ईओडब्ल्यू सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान ऐसे कई वाहनों की पहचान की गई है जिनका उपयोग बार-बार अवैध परिवहन में किया जाता था। वहीं, कुछ वाहनों को बाद में स्क्रैप कर दिए जाने या अन्य कार्यों में लगाने की जानकारी भी सामने आई है, जिससे साक्ष्य मिटाने की आशंका जताई जा रही है।

फिलहाल, मामले में आगे की जांच जारी है और संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की भी गहन पड़ताल की जा रही है। जांच एजेंसी ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं, जिससे शराब घोटाले के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!