भारत-पाक सीमा पर फेंसिंग 200 मीटर तक शिफ्ट, पंजाब के 6 जिलों में होगा भूमि अधिग्रहण
चंडीगढ़ । भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से बड़ा प्रशासनिक निर्णय लिया गया है। इसके तहत सीमा पर लगी फेंसिंग को करीब 200 मीटर तक शिफ्ट किया जाएगा। इस प्रक्रिया के लिए पंजाब के छह सरहदी जिलों में भूमि अधिग्रहण किया जाएगा।
सरकार ने भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को तेज और सरल बनाने के लिए महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। अब इस संबंध में सभी अधिकार सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) को सौंप दिए गए हैं। एसडीएम को कलेक्टर के समकक्ष शक्तियां प्रदान की गई हैं, जिससे मुआवजा निर्धारण, पुनर्वास और अन्य प्रशासनिक निर्णय जिला स्तर पर ही तेजी से लिए जा सकेंगे।
अधिकारियों के अनुसार, इस निर्णय से प्रभावित किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। पहले जहां मुआवजा पाने के लिए लंबी प्रशासनिक प्रक्रिया से गुजरना पड़ता था, वहीं अब स्थानीय स्तर पर ही त्वरित निर्णय संभव होंगे। इससे किसानों को समय पर मुआवजा और पुनर्वास की सुविधा मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
प्रशासन का कहना है कि इस नई व्यवस्था से पारदर्शिता में वृद्धि होगी और भूमि अधिग्रहण से जुड़े विवादों में कमी आएगी। वहीं, सीमा सुरक्षा के लिहाज से यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे निगरानी और नियंत्रण को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
फिलहाल संबंधित जिलों में सर्वे की तैयारी शुरू कर दी गई है और जल्द ही भूमि अधिग्रहण की औपचारिक प्रक्रिया शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। यह निर्णय सुरक्षा और विकास दोनों दृष्टिकोण से अहम माना जा रहा है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.


