ऑनलाइन सट्टा गिरोह पर रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुंबई-ओडिशा में दबिश, 20 आरोपी गिरफ्तार, 3 पैनल ध्वस्त

0
Screenshot_20260415_202923

रायपुर । राजधानी रायपुर में आईपीएल के दौरान ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय सट्टा गिरोह का भंडाफोड़ किया है। डीसीपी (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला की सतत मॉनिटरिंग में की गई इस कार्रवाई में मुंबई और ओडिशा के भवानीपटना सहित विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर कुल 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही सट्टा संचालन के 3 बड़े पैनल नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया गया।

पुलिस कार्रवाई के दौरान कुल 10 लैपटॉप, 87 मोबाइल फोन, 3 एलईडी, 72 एटीएम कार्ड, 23 सिम कार्ड, 3 चेकबुक, 1 पासबुक, 1 कार, 3 वाई-फाई राउटर, सट्टा हिसाब-किताब की कॉपियां एवं 1.95 लाख रुपए नगद जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 60 लाख रुपए आंकी गई है।

आईपीएल के दौरान सक्रिय था संगठित गिरोह
रायपुर पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव कुमार शुक्ला एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले के निर्देश पर एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट लगातार शहर में सक्रिय सट्टा गिरोहों पर नजर रखे हुए थी। इसी दौरान सूचना मिली कि शहर के बड़े सटोरिये एकजुट होकर देश के अलग-अलग राज्यों में बैठकर ऑनलाइन सट्टा संचालन कर रहे हैं।

रेलवे स्टेशन के पास पहली कार्रवाई, खुला नेटवर्क का राज
13 अप्रैल को पुलिस को सूचना मिली कि थाना गंज क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के पास एक कार में बैठा व्यक्ति मोबाइल के जरिए आईपीएल मैचों पर सट्टा चला रहा है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी मनदीप सिंह को रंगे हाथों पकड़ लिया। जांच में उसके मोबाइल से ऑनलाइन बैटिंग साइट के जरिए आईडी बनाकर सट्टा संचालन की पुष्टि हुई।

पूछताछ में मनदीप सिंह ने अपने साथियों और पूरे नेटवर्क का खुलासा किया। उसने बताया कि रायपुर, मुंबई, गोवा और ओडिशा से जुड़े कई लोग मिलकर सट्टा पैनल संचालित कर रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने क्रमबद्ध तरीके से विभिन्न स्थानों पर दबिश दी।

मुंबई में रेड, 9 आरोपी गिरफ्तार
मुंबई में की गई कार्रवाई में हर्ष नागदेव सहित 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जो “बजरंग बुक” पैनल के माध्यम से सट्टा चला रहे थे। उनके कब्जे से 62 मोबाइल, 6 लैपटॉप, एटीएम कार्ड, चेकबुक, एलईडी और वाई-फाई राउटर जब्त किए गए।

भवानीपटना (ओडिशा) में रेड, 7 आरोपी पकड़े गए
ओडिशा के भवानीपटना में रेड कर खुमान साहू सहित 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जो “रेड्डी बुक” पैनल के जरिए सट्टा संचालित कर रहे थे। यहां से मोबाइल, लैपटॉप, सिम कार्ड, बैंकिंग दस्तावेज और हिसाब-किताब की कॉपियां जब्त की गईं।

दुर्ग में भी कार्रवाई, 2 संचालक गिरफ्तार
दुर्ग में की गई कार्रवाई में पैनल संचालक हरीश नायक उर्फ भोला नायक और सन्नी देवांगन को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 60 एटीएम कार्ड, मोबाइल, 1 लाख रुपए नगद और एक कार बरामद की गई।

म्यूल खातों के जरिए करोड़ों का लेन-देन
जांच में सामने आया है कि आरोपी पिछले एक वर्ष से बैटिंग एप्स के जरिए सट्टा संचालन कर रहे थे और लेन-देन के लिए “म्यूल खातों” (किराए के बैंक खातों) का उपयोग कर रहे थे। प्रारंभिक जांच में इन खातों में करोड़ों रुपए के ट्रांजैक्शन के संकेत मिले हैं। पुलिस अब वित्तीय जांच कर पूरे नेटवर्क की आर्थिक परतें खंगाल रही है।

आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस ने थाना गंज में अपराध क्रमांक 110/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 एवं बीएनएस की धारा 112(2) के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और शीघ्र ही अन्य गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।

यह कार्रवाई रायपुर पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी साइबर-सट्टा विरोधी कार्रवाइयों में से एक मानी जा रही है, जिसने अंतरराज्यीय नेटवर्क की जड़ें हिला दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!