रेल संपर्क सुदृढ़ करने पर केंद्रीय मंत्री ने जताया आभार, नई परियोजनाओं पर हुई चर्चा
नई दिल्ली/बिलासपुर । आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से शिष्टाचार भेंट कर छत्तीसगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों में रेल संपर्क को सुदृढ़ करने हेतु केंद्र सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों पर आभार व्यक्त किया। इस दौरान राज्य से जुड़ी महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा भी की गई।
बिलासपुर–येलहंका एक्सप्रेस के नियमित संचालन पर आभार
बैठक में मंत्री ने विशेष रूप से ट्रेन संख्या 08261/08262 ‘बिलासपुर–येलहंका एक्सप्रेस’ के नियमित संचालन की स्वीकृति के लिए रेल मंत्री का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी और विभिन्न प्रमुख शहरों के बीच आवागमन अधिक सुगम होगा।
रोघाट–जगदलपुर रेल लाइन को मिलेगी गति
मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजना ‘प्रधानमंत्री गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान’ के अंतर्गत रोघाट–जगदलपुर रेल लाइन परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना जनजातीय और दूरस्थ क्षेत्रों को राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगी, जिससे बस्तर क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी।
कटघोरा–डोंगरगढ़ रेल परियोजना पर मंथन
बैठक के दौरान कटघोरा–डोंगरगढ़ प्रस्तावित रेल परियोजना पर भी विस्तार से चर्चा हुई। मंत्री ने इसे राज्य के लिए एक परिवर्तनकारी पहल बताते हुए कहा कि इस परियोजना से क्षेत्रीय संपर्क मजबूत होगा, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।
केंद्र सरकार की पहल की सराहना
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रेल मंत्रालय द्वारा देशभर में आधारभूत संरचना के विकास के लिए लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इन प्रयासों से न केवल कनेक्टिविटी बेहतर हो रही है, बल्कि संतुलित और समावेशी क्षेत्रीय विकास को भी गति मिल रही है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी केंद्र और राज्य के समन्वय से छत्तीसगढ़ में रेल नेटवर्क का विस्तार और अधिक तेज गति से होगा, जिससे आम जनता को प्रत्यक्ष लाभ मिल सकेगा।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.


