साय सरकार के प्रयासों से साकार हुआ सपना: प्रधानमंत्री आवास योजना ने बदली मन्नू-बिमला राठौर की जिंदगी
रायपुर । छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभाव अब जमीनी स्तर पर स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। विशेष रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में गरीब परिवारों का पक्के मकान का सपना साकार हो रहा है।
इसी का एक प्रेरणादायक उदाहरण जनपद पंचायत गौरेला के ग्राम पंचायत गोरखपुर में देखने को मिला, जहां मन्नू राठौर और उनकी पत्नी बिमला राठौर ने इस योजना का लाभ उठाकर अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।
कभी कच्चे और जर्जर मकान में रहने वाला यह परिवार हर मौसम में कठिनाइयों से जूझता था। बरसात में टपकती छत, गर्मी और सर्दी में असुरक्षित माहौल ने उनके जीवन को बेहद चुनौतीपूर्ण बना दिया था। सीमित आय के चलते पक्का घर बनाना उनके लिए महज एक सपना था।
वित्तीय वर्ष 2024-25 में उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 1 लाख 20 हजार रुपये की स्वीकृति मिली। यह सहायता उनके जीवन में उम्मीद की नई किरण बनकर आई। शासन की मदद और अपनी मेहनत के बल पर मन्नू राठौर ने धीरे-धीरे अपने सपनों का पक्का मकान तैयार कर लिया।
आज राठौर परिवार सुरक्षित, स्वच्छ और मजबूत घर में रह रहा है। बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिला है, वहीं पूरे परिवार के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार आया है। श्रीमती बिमला राठौर बताती हैं कि अब उन्हें बारिश या आंधी-तूफान की चिंता नहीं रहती और वे अपने घर में सम्मानपूर्वक जीवन जी रही हैं।
प्रदेश सरकार द्वारा अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। साय सरकार की प्रतिबद्धता के चलते आज हजारों जरूरतमंद परिवारों को न केवल पक्का आवास मिल रहा है, बल्कि उनके जीवन में स्थायित्व, सुरक्षा और आत्मसम्मान भी सुनिश्चित हो रहा है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.


