पारम्परिक पूजा पाठ से खुला केदारनाथ धाम का कपाट
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
केदारनाथ धाम । चार धामों में से सुप्रसिद्ध श्री केदारनाथ धाम के कपाट आज वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा पाठ कर श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिये गये हैं। मंदिर को 51 क्विंटल फूलों से सजाया गया था , जो आकर्षण का केन्द्र रहा। हजारों श्रद्धालु इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने , मंदिर के कपाट खुलते ही पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। मंदिर परिसर के साथ साथ बम बम भोले , जय बाबा केदार एवं हर हर महादेव के उद्घोष से पूरी घाटी गूंज गई। केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के बाद हेलिकॉप्टर से मंदिर के प्रांगण में पुष्पवर्षा की गई , इसके लिये दो हेलिकॉप्टर तैनात किये गये थे जिसने श्रद्धालुओं के उत्साह एवं आस्था को और भी बढ़ा दिया। इसी के साथ केदारनाथ यात्रा का विधिवत शुभारंभ हो गया। बताते चलें कि उत्तराखंड के केदारनाथ धाम में मंगलवार को बाबा केदार की डोली कई पड़ाव के बाद मंदिर प्रांगण में पहुंच चुकी थी और बाबा केदार के दर्शन के लिये हजारों श्रद्धालु उमड़े हुये थे। दूसरे दिन बुधवार को सुबह चार बजे से ही धार्मिक अनुष्ठान प्रारंभ हो गये थे। पंचमुखी डोली की विधिवत पूजा-अर्चना के बाद भगवान की डोली को मंदिर प्रांगण में लाया गया , जहां निर्धारित प्रक्रिया के तहत कपाट खोलने की तैयारियां पूरी की गईं। इसके पश्चात सुबह आठ बजे मंदिर के कपाट खुलते ही सर्वप्रथम भगवान की पंचमुखी डोली को गर्भगृह में प्रवेश कराया गया और सभी धार्मिक औपचारिकताओं के पश्चात भगवान केदारनाथ विधिवत विराजमान हुये। कपाट खुलने के अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपनी पत्नी के साथ केदारनाथ धाम पहुंचे और बाबा केदार की दर्शन और पूजा अर्चना कर मंदिर परिसर में मौजूद नंदी बाबा का आशीर्वाद लिया। कपाट खुलने पर मुख्यमंत्री ने सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से पूजा अर्चना की। सीएम धामी की पूजा के बाद आम जन दर्शन करना शुरू किये और बहुत ही सब्र के साथ भक्त अपनी बारी का इंतजार करते नजर आये। इस भव्य आयोजन के साथ बाबा केदार के दर्शन के लिये देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालुओं का सिलसिला शुरू हो गया है। श्रद्धा , आस्था और भक्ति के इस अद्भुत संगम ने पूरे केदारनाथ धाम को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। इस खास अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दर्शन के लिये आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत भी किया। इस दौरान सीएम धामी ने कहा कि यात्रा व्यवस्थाओं को चाक चौबंद किया गया है , इससे श्रद्धालुओं को सुगम सुरक्षित यात्रा का अनुभव प्राप्त होगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से सफाई को लेकर अपील की। साथ ही उन्होंने चार धाम यात्रा की व्यवस्था को लेकर भी कहा कि हमने अच्छी व्यवस्था की है , लेकिन इसको बनाये रखना श्रद्धालुओं की भी जिम्मेदारी है।
पीएम मोदी ने किया ट्वीट
केदारनाथ धाम के कपाट खुलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर लिखा – ‘देवभूमि उत्तराखंड की पवित्र धरती पर आज श्री केदारनाथ धाम के कपाट पूरे विधि-विधान के साथ हम सभी श्रद्धालुओं के लिये खोल दिये गये। केदारनाथ धाम और चारधाम की यह यात्रा हमारी आस्था , एकता और समृद्ध परंपराओं का दिव्य उत्सव है , इन यात्राओं से हमें भारत की सनातन संस्कृति के दर्शन भी होते हैं। इस वर्ष चार धाम यात्रा के आरंभ उत्सव पर उत्तराखंड आने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिये मैंने एक पत्र के माध्यम से अपनी भावनायें व्यक्त की हैं। मेरी कामना है कि बाबा केदार सभी पर अपनी कृपा बनाये रखें और आपकी यात्राओं को शुभ करे। हर-हर महादेव !
कल खुलेगा बद्रीनाथ धाम का कपाट
भगवान बद्री विशाल के कपाट खुलने की तैयारियों के बीच उद्धव , कुबेर , आदि शंकराचार्यजी और गरूड़ भगवान सभी देव डोलियां बद्रीनाथ धाम पहुंच चुकी हैं। सीएम पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में कल गुरूवार को सुबह सवा छह बजे श्री बद्रीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिये जायेंगे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.


