बेमेतरा में अंबेडकर जयंती पर भव्य आयोजन, विधायक दीपेश साहू ने किया राशन दुकान का शुभारंभ
रिपोर्टर: विनय सिंह, ब्यूरो बेमेतरा
बेमेतरा। विधानसभा क्षेत्र के ग्राम करहि बहिंगा में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के पावन अवसर पर भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक दीपेश साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
संविधान के मूल्यों पर चलने का आह्वान
अपने संबोधन में विधायक दीपेश साहू ने कहा कि बाबा साहेब केवल एक महान व्यक्तित्व नहीं, बल्कि आधुनिक भारत के निर्माता और सामाजिक न्याय के सशक्त प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान विश्व के श्रेष्ठ संविधानों में शामिल है, जो हर नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व का अधिकार प्रदान करता है। उन्होंने लोगों से संविधान के मूल्यों को आत्मसात कर समाज में समरसता और भाईचारा बढ़ाने की अपील की।
राशन दुकान का शुभारंभ, ग्रामीणों को मिलेगी सुविधा
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने ग्राम करहि बहिंगा में शासकीय उचित मूल्य राशन दुकान का फीता काटकर शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इस सुविधा से ग्रामीणों को पारदर्शी और सुलभ तरीके से राशन उपलब्ध होगा तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा।
विकास कार्यों के लिए लाखों की घोषणा
विधायक साहू ने ग्रामवासियों की मांगों को ध्यान में रखते हुए कई विकास कार्यों की घोषणाएं कीं। उन्होंने सामुदायिक भवन के सामने टीन शेड निर्माण के लिए 7 लाख रुपए, मंगल भवन में आहता निर्माण हेतु 5 लाख रुपए तथा अंबेडकर प्रतिमा स्थल पर लाइट, टाइल्स और छाया व्यवस्था के लिए 4 लाख रुपए स्वीकृत करने की घोषणा की।
गांव-गांव तक विकास पहुंचाना प्राथमिकता
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए वे प्रतिबद्ध हैं और सड़क, पानी, बिजली, शिक्षा व स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकता है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य मधु राय, मंडल अध्यक्ष गजानंद साहू, जनपद सदस्य पंचम साहू, सरपंच जय कुमारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम में सभी ने बाबा साहेब के आदर्शों पर चलने और समाज में समानता व सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.


