ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क पर रायगढ़ पुलिस का शिकंजा, मास्टरमाइंड देव बंसल गिरफ्तार

0
IMG-20260422-WA0953

रायगढ़ । जिले में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चक्रधरनगर थाना और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई में सट्टा रैकेट के मुख्य आरोपी देव बंसल को रायपुर से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजते हुए नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

पुलिस के अनुसार यह पूरा नेटवर्क इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप और ऑनलाइन पेमेंट प्लेटफॉर्म के जरिए संचालित हो रहा था, जिसका कनेक्शन कई राज्यों तक फैला हुआ है। इस मामले का खुलासा 16 फरवरी 2026 को बोईरदादर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक उद्योग में हुई रेड के बाद हुआ, जहां विकास अग्रवाल उर्फ फून्नु और विनय अग्रवाल को लाइव मैच पर सट्टा खिलाते रंगे हाथ पकड़ा गया था। पूछताछ में दोनों ने खरसिया निवासी गगन अग्रवाल के साथ मिलकर सट्टा संचालन की बात स्वीकार की थी।

जांच के दौरान 11 मार्च को गगन अग्रवाल की गिरफ्तारी के बाद नेटवर्क की परतें खुलती गईं। सीएसपी मयंक मिश्रा के नेतृत्व में जब तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया, तब देव बंसल की भूमिका सामने आई, जो पूरे रैकेट का संचालन कर रहा था। पुलिस की दबिश के बाद आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर अन्य राज्यों में छिपता रहा, लेकिन अंततः तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसे रायपुर स्थित उसके निवास से गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक आईफोन 16 प्रो जब्त किया गया है, जिसमें विभिन्न राज्यों की यात्रा से जुड़े टिकट, ऑनलाइन ट्रांजैक्शन रिकॉर्ड और सट्टा नेटवर्क के डिजिटल सबूत मिले हैं। इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की संलिप्तता को पुख्ता माना है।

पूरी कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन और एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन में की गई। टीम का नेतृत्व सीएसपी मयंक मिश्रा ने किया, जिसमें थाना चक्रधरनगर के पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से संचालित जुआ-सट्टा जैसे अपराधों पर पुलिस की पैनी नजर है। ऐसे नेटवर्क के हर सदस्य और हर लिंक तक पहुंचकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि इस प्रकार की अवैध गतिविधियों से दूर रहें और इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।

फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी है और अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!