वर्दी की गरिमा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं: SSP शशि मोहन सिंह का सख्त एक्शन, आरक्षक निलंबित
रायगढ़ । सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने पुलिस विभाग में हलचल मचा दी, जिसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने अनुशासनहीनता पर सख्त रुख अपनाया है। थाना धरमजयगढ़ में पदस्थ आरक्षक दिलेश चन्द्रा को वर्दी में सार्वजनिक स्थान पर बेसुध अवस्था में पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार 22 अप्रैल को इंस्टाग्राम पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें आरक्षक दिलेश चन्द्रा वर्दी की स्थिति में सड़क पर बेसुध अवस्था में पड़े दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आते ही मामला एसएसपी शशि मोहन सिंह के संज्ञान में लाया गया, जिन्होंने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के निर्देश दिए।
प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आरक्षक का आचरण उनके पदीय दायित्वों के विपरीत है, जो पुलिस विभाग की छवि को धूमिल करता है। इसी आधार पर आरक्षक क्रमांक 251 दिलेश चन्द्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय रक्षित केन्द्र रायगढ़ निर्धारित किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।
इस पूरे मामले में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि पुलिस बल में अनुशासन सर्वोपरि है और वर्दी की गरिमा के विपरीत किसी भी प्रकार का आचरण किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने दो टूक कहा कि ऐसे मामलों में तत्काल और कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई को विभाग में अनुशासन बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, वहीं यह संदेश भी स्पष्ट है कि वर्दी की मर्यादा से समझौता करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.


