मुंगेली पुलिस का ‘गुम मोबाइल खोज अभियान’ सफल, 90 परिवारों को मिली बड़ी राहत
मुंगेली । आम नागरिकों के लिए राहत भरी खबर है कि मुंगेली पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन की तलाश में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 90 परिवारों के चेहरे पर मुस्कान लौटा दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चलाए गए “गुम मोबाइल खोज अभियान” के तहत करीब 13.50 लाख रुपये कीमत के 90 मोबाइल फोन रिकवर कर उनके असली मालिकों को सौंपे गए।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार जिले के विभिन्न थानों में दर्ज मोबाइल गुम होने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल और थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई थी। इस टीम ने भारत सरकार के CEIR पोर्टल की मदद से गुम मोबाइलों को ट्रेस करने का कार्य शुरू किया। तकनीकी विश्लेषण और लगातार प्रयासों के बाद टीम ने न केवल मुंगेली जिले, बल्कि अन्य जिलों और राज्यों से भी मोबाइल रिकवर करने में सफलता प्राप्त की।
इस पूरी कार्रवाई में साइबर सेल की भूमिका बेहद अहम रही। साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक सतेन्द्रपुरी गोस्वामी एवं उनकी टीम ने आईएमईआई ट्रैकिंग और सर्विलांस के माध्यम से मोबाइलों की लोकेशन का पता लगाकर उन्हें बरामद किया। साथ ही जिले के सीसीटीएनएस स्टाफ ने भी इस अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
गुरुवार को साइबर सेल कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक हरविन्दर सिंह ने मोबाइल धारकों को उनके फोन सुपुर्द किए। अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कई लोगों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका मोबाइल वापस मिल पाएगा, लेकिन मुंगेली पुलिस ने उनकी उम्मीदों को सच कर दिखाया।
इस अवसर पर नागरिकों ने एसएसपी भोजराम पटेल और पूरी पुलिस टीम का आभार जताया। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत नजदीकी थाने में सूचना दें और CEIR पोर्टल पर जानकारी दर्ज कराएं, ताकि मोबाइल का दुरुपयोग रोका जा सके। साथ ही सेकेंड हैंड मोबाइल खरीदते समय पक्का बिल लेने की भी सलाह दी गई है।
मुंगेली पुलिस की इस पहल को न केवल तकनीकी दक्षता का उदाहरण माना जा रहा है, बल्कि यह आम जनता के विश्वास को मजबूत करने की दिशा में भी एक सराहनीय कदम साबित हो रही है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.


