जनगणना 2027 की तैयारियां तेज, मारो नगर पंचायत में प्रगणकों का प्रशिक्षण शुरू

0
IMG-20260422-WA1386

रिपोर्टर ✒️ विनय सिंह

बेमेतरा/मारो। जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। नगर पंचायत मारो में 01 मई से 30 मई 2026 तक यह कार्य किया जाएगा। इसके पूर्व प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

नगर पंचायत मारो के चार्ज अधिकारी टॉमसन रात्रे के निर्देशन में सभाकक्ष में 22 से 24 अप्रैल 2026 तक तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इस प्रशिक्षण में फील्ड ट्रेनर्स द्वारा प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को जनगणना से संबंधित सभी महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी जा रही है।

NTPC World Environment Day

प्रशिक्षण के दौरान डिजिटल प्रणाली पर विशेष जोर दिया जा रहा है। प्रगणकों को HLO ऐप के माध्यम से डाटा संकलन की प्रक्रिया, तकनीकी बारीकियों और फील्ड में कार्य करने के तौर-तरीकों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है, ताकि जनगणना कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

जानकारी के अनुसार नागरिक 16 से 30 अप्रैल तक स्व-गणना भी कर सकते हैं, जबकि 01 से 30 मई 2026 तक प्रगणक घर-घर जाकर मकान सूचीकरण का कार्य करेंगे। इस दौरान प्रत्येक मकान की स्थिति, उसमें उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं सहित विभिन्न जानकारियां एकत्रित की जाएंगी।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में नगर पंचायत मारो के लगभग सभी पर्यवेक्षक एवं प्रगणक उपस्थित रहे। हालांकि प्रगणक दानेश्वर टंडन की अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

प्रशासन का कहना है कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य को पूरी पारदर्शिता और सटीकता के साथ संपन्न करने के लिए सभी कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की गई है और लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!