मुंगेली में ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत बड़ी कार्रवाई, 65 पाव अवैध शराब के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
मुंगेली/सरगांव । जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन बाज” के तहत सरगांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में देशी व अंग्रेजी शराब सहित एक दोपहिया वाहन जब्त किया गया है।
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिले में असामाजिक तत्वों एवं मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर लगातार सख्ती बरती जा रही है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में 22 अप्रैल को साइबर सेल एवं थाना सरगांव की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस टीम ने ग्राम बैतलपुर स्थित एनएच-130 पर आर.डी. पेट्रोल पंप के सामने घेराबंदी कर एक संदिग्ध स्कूटी को रोका। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम भागवत प्रसाद कोशले (36 वर्ष), निवासी परसदा थाना बिल्हा, जिला बिलासपुर तथा पामलेश भास्कर (20 वर्ष), निवासी किरना थाना सरगांव, जिला मुंगेली बताया। तलाशी लेने पर स्कूटी की डिक्की में रखे बैग से 51 पाव देशी प्लेन शराब (9.180 बल्क लीटर) और 14 पाव अंग्रेजी शराब (2.520 बल्क लीटर) कुल 65 पाव (11.700 बल्क लीटर) शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत लगभग 6,880 रुपये आंकी गई। इसके साथ ही 2,800 रुपये नगद एवं घटना में प्रयुक्त एक्टिवा (कीमत लगभग 40,000 रुपये) भी जब्त की गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी अवैध रूप से शराब का परिवहन कर बिक्री के उद्देश्य से ले जा रहे थे। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सरगांव में अपराध क्रमांक 78/26 के तहत धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर उन्हें 23 अप्रैल को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक संतोष शर्मा, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सतेंद्रपुरी गोस्वामी, सहायक उपनिरीक्षक अफरोज अली सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.


