ऑनलाइन सट्टे पर चकरभाठा पुलिस का प्रहार, एक गिरफ्तार, दो फरार
बिलासपुर। बिलासपुर पुलिस के थाना चकरभाठा थाना क्षेत्र में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। मामले में अपराध क्रमांक 244/2026 के तहत धारा 7(1) छत्तीसगढ़ जुआ एक्ट एवं 112 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 24 अप्रैल 2026 को वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जुआ-सट्टा के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर नयापारा चौक में दबिश दी गई। मौके पर आरोपी दिनेश पंजवानी (33), निवासी वार्ड क्रमांक 08 चकरभाठा, अपने एक्टिवा स्कूटी (क्रमांक MH 36 T 6207) पर बैठकर मोबाइल के माध्यम से आईपीएल क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करते हुए पकड़ा गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी रेडमी कंपनी के मोबाइल फोन में ‘क्रोमा गेट आईडी’ ऐप के जरिए सट्टा खेला रहा था और रकम ऑनलाइन माध्यम से अज्जू भकतानी व उसके एक अन्य साथी को भेज रहा था। साथ ही ग्राहकों से भी ऑनलाइन लेनदेन किया जा रहा था। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने अज्जू भकतानी से 20 हजार रुपए लेकर आईपीएल मैच में सट्टा खिलाने का काम किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से रेडमी मोबाइल फोन एवं घटना में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी जब्त कर ली है। यह सट्टा रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच खेले जा रहे आईपीएल मैच पर संचालित किया जा रहा था।
कार्रवाई के बाद आरोपी दिनेश पंजवानी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं फरार आरोपी अज्जू भकतानी और उसके साथी की तलाश जारी है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में ऑनलाइन सट्टा, जुआ एवं अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
