तीन दिनों की गिरावट के बाद संभला शेयर बाजार, निवेशकों पर बरसे 6.77 लाख करोड़
मुंबई । पश्चिम एशिया तनावों के बीच वैश्विक बाजारों में मजबूती और भू-राजनीतिक माहौल में सुधार और भारत-न्यूजीलैंड के बीच हुए ऐतिहासिक फ्री ट्रेड एग्रीमेंट के चलते पिछले लगातार तीन दिनों की गिरावट के बाद हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को भारतीय शेयर बाजार में हरियाली देखने को मिली और घरेलू बाजार के प्रमुख बेंचमार्क सेंसेक्स और निफ्टी बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हुए।
इन सबके बीच ओवरऑल क्चस्श्व पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज 6.77 लाख करोड़ बढ़ गया है यानी निवेशकों की दौलत में 6.77 लाख करोड़ का इजाफा हुआ है। बाजार बंद होने के समय 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 639.42 अंकों यानी 0.83 प्रतिशत की तेजी के साथ 77,303.63 पर ट्रेड करते नजर आया, तो वहीं एनएसई निफ्टी50 194.75 (0.81 प्रतिशत) अंकों की बढ़त के साथ 24,092.70 पर पहुंच गया। दिन के कारोबार के दौरान 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 76,856.05 पर खुलकर 563.99 अंक बढ़कर 77,420.04 के दिन के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी50 23,945.45 पर खुलकर 185.25 अंक चढ़कर 24,130.70 के दिन के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। व्यापक बाजारों ने बेंचमार्क सूचकांकों से बेहतर प्रदर्शन किया, जिसमें निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स में 1.90 प्रतिशत और निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स में 1.47 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। सेक्टरवार देखें तो निफ्टी रियल्टी, निफ्टी आईटी और निफ्टी फार्मा, निफ्टी मीडिया और निफ्टी मेटल में 2 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त देखने को मिली। इसके अलावा, निफ्टी ऑटो, निफ्टी ऑयल एंड गैस, निफ्टी एफएमसीजी ने भी बेहतर प्रदर्शन किया। वहीं, निफ्टी प्राइवेट बैंक और निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज का प्रदर्शन बेंचमार्क इंडेक्स से कमजोर रहा।
निफ्टी 50 पैक में सन फार्मा, टेक महिंद्रा, विप्रो, अदाणी पोर्ट्स, एनटीपीसी, एसबीआई लाइफ, जेएसडब्ल्यू स्टील, एचसीएल टेक, एमएंडएम और टीसीएस के शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी दर्ज की गई और ये टॉप गेनर्स की लिस्ट में शामिल रहे। जबकि श्रीराम फाइनेंस, एक्सिस बैंक, बीईएल, टाटा कंज्यूमर, ट्रेंट, आईसीआईसीआई बैंक, इटरनल और नेस्ले इंडिया के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई। बता दें कि भारत और न्यूजीलैंड ने सोमवार को ऐतिहासिक फ्री ट्रेड एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किए, जिसके तहत न्यूजीलैंड को होने वाले 100 प्रतिशत भारतीय निर्यात पर टैरिफ छूट मिलेगी। वहीं, न्यूजीलैंड से भारत आने वाले 95 प्रतिशत सामान पर टैरिफ में छूट दी गई है या फिर टैरिफ कम कर दिया गया है। वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल और उनके न्यूजीलैंड समकक्ष टॉड मैक्ले की उपस्थिति में समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। 16 मार्च, 2025 को शुरू हुए इस मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) ने रिकॉर्ड नौ महीनों में संपन्न होकर दोनों देशों के आर्थिक संबंधों में एक नया अध्याय स्थापित किया है। इस समझौते के तहत भारत को सभी टैरिफ उत्पादों पर तत्काल 100 प्रतिशत शुल्क-मुक्त पहुंच प्राप्त होगी। इससे भी घरेलू बाजार को सपोर्ट मिला और हफ्ते के पहले कारोबारी दिन प्रमुख बेंचमार्कों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए पिछले लगातार तीन दिनों से जारी गिरावट का सिलासिला तोड़ दिया।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
