संदीप पाठक के घर के बाहर AAP कार्यकर्ताओं का हंगामा दीवारों पर लिखे आपत्तिजनक शब्द, सांसद से इस्तीफे की मांग तेज
मुंगेली । जिले के लोरमी ब्लॉक अंतर्गत बटहा गांव में उस समय राजनीतिक माहौल गरमा गया, जब संदीप पाठक के निवास के बाहर आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने सांसद के घर की दीवारों पर आपत्तिजनक और विवादित शब्द लिखकर अपना गुस्सा जाहिर किया।

बताया जा रहा है कि हाल ही में पार्टी से जुड़े कुछ नेताओं के भाजपा में शामिल होने की घटनाओं के बाद संगठन के भीतर असंतोष बढ़ा हुआ है। इसी क्रम में संदीप पाठक का नाम सामने आने से कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। विरोध के दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और पार्टी नेतृत्व के खिलाफ नाराजगी व्यक्त की।
सुरक्षा बढ़ाई गई, स्थिति नियंत्रण में
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन सतर्क हो गया। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। हालांकि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
जिलाध्यक्ष का बयान: इस्तीफे की मांग
इस मामले में आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष कलेश्वर गर्ग ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “आम आदमी पार्टी के द्वारा चुने गए राज्यसभा सांसद संदीप पाठक जी द्वारा पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल होने से कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है। इसी के चलते उनके गृह ग्राम बटहा में विरोध दर्ज कराया गया। हमारी मुख्य मांग है कि वे तत्काल राज्यसभा सांसद पद से इस्तीफा दें।”
उन्होंने यह भी कहा कि कार्यकर्ताओं की भावनाएं आहत हुई हैं और संगठन इस मुद्दे पर आगे की रणनीति तय करेगा।
राजनीतिक सरगर्मी तेज
गौरतलब है कि प्रदेश में हाल के दिनों में दल-बदल की घटनाओं ने सियासी माहौल को गरमा दिया है। इसका असर अब जमीनी स्तर पर भी देखने को मिल रहा है, जहां कार्यकर्ता खुलकर विरोध दर्ज करा रहे हैं।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
