फेड के फैसले से पहले सोना-चांदी में हल्की तेजी, सीमित दायरे में कारोबार

0
20-42

एमसीएक्स पर दोनों धातुओं की मजबूत शुरुआत, निवेशकों की नजर अमेरिकी ब्याज दरों पर

मुंबई । Multi Commodity Exchange of India (एमसीएक्स) पर बुधवार को सोना और चांदी मजबूती के साथ खुले, हालांकि शुरुआती कारोबार में दोनों कीमती धातुएं सीमित दायरे में ही बनी रहीं। निवेशकों की निगाहें अब Federal Reserve के ब्याज दर संबंधी फैसले पर टिकी हैं, जो देर रात आने की उम्मीद है।

एमसीएक्स पर सोने का 5 जून 2026 का कॉन्ट्रैक्ट पिछली क्लोजिंग 1,50,027 रुपये के मुकाबले 693 रुपये यानी 0.46% की बढ़त के साथ 1,50,720 रुपये पर खुला। हालांकि, सुबह 9:55 बजे तक यह हल्की गिरावट के साथ 1,50,008 रुपये पर कारोबार करता दिखा। कारोबार के दौरान सोने ने 1,49,720 रुपये का निचला और 1,51,527 रुपये का उच्चतम स्तर छुआ।

वहीं चांदी का 3 जुलाई 2026 का कॉन्ट्रैक्ट 826 रुपये यानी 0.34% की मजबूती के साथ 2,43,589 रुपये पर खुला। खबर लिखे जाने तक यह 712 रुपये या 0.29% की बढ़त के साथ 2,43,475 रुपये पर बना हुआ था। अब तक के कारोबार में चांदी ने 2,42,972 रुपये का न्यूनतम और 2,43,835 रुपये का उच्चतम स्तर दर्ज किया।

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी दोनों धातुओं में मजबूती का रुख देखा गया। सोना 0.19% की तेजी के साथ 4,616 डॉलर प्रति औंस और चांदी 0.81% की बढ़त के साथ 73.81 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।

विशेषज्ञों के अनुसार, बाजार फिलहाल फेडरल रिजर्व के फैसले का इंतजार कर रहा है। यह निर्णय ऐसे समय में आने वाला है, जब कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के चलते महंगाई को लेकर चिंता बनी हुई है। अगर फेड ब्याज दरों में वृद्धि का संकेत देता है, तो इससे सोने की कीमतों पर दबाव पड़ सकता है।

इसके बावजूद वैश्विक अनिश्चितता के माहौल में सोना और चांदी निवेशकों के लिए आकर्षक बने हुए हैं। बीते एक साल में डॉलर के मुकाबले सोने ने करीब 40% और चांदी ने लगभग 120% का शानदार रिटर्न दिया है, जिससे इन धातुओं में निवेश का रुझान लगातार बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!