ऑपरेशन ‘निश्चय’ में रायपुर रेंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई

0
Screenshot_20260512_113648

कपड़ा फेरीवालों की आड़ में हो रही गांजा तस्करी का भंडाफोड़, 378 किलो गांजा जब्त

रायपुर । रायपुर रेंज पुलिस ने “ऑपरेशन निश्चय” के तहत अंतरराज्यीय गांजा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए महासमुंद, धमतरी और गरियाबंद जिले में नाकेबंदी कर 378.060 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में 12 अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की गई है। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 89 लाख 3 हजार रुपये बताई गई है। वहीं, घटना में प्रयुक्त 11 वाहनों सहित कुल जब्त संपत्ति की कीमत करीब 1 करोड़ 98 लाख 5 हजार रुपये आंकी गई है।

कपड़ा फेरीवालों के रूप में कर रहे थे तस्करी

पुलिस के अनुसार तस्करों ने गांजा तस्करी के लिए बेहद शातिर तरीका अपनाया था। आरोपी बाहर से कपड़ा फेरीवाले यानी स्ट्रीट वेंडर्स दिखाई देते थे, लेकिन अंदर ही अंदर नशे के कारोबार में संलिप्त थे। तस्करों ने मोटरसाइकिलों की पिछली सीटों पर विशेष प्रकार का लोहे का जालीदार कम्पार्टमेंट बनवाया था, जिसके पीछे कपड़ों का ढेर लगाकर गांजा छिपाया जाता था।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी उड़ीसा के बालिगुड़ा और तितरी रायगढ़ा क्षेत्र से गांजा लाकर मध्यप्रदेश में खपाने की तैयारी में थे। तकनीकी सूचना, सटीक इनपुट और मुस्तैद नाकेबंदी के कारण पुलिस ने इस पूरे नेटवर्क को पकड़ने में सफलता हासिल की।

महासमुंद पुलिस ने पकड़ा बड़ा नेटवर्क

रायपुर रेंज के महासमुंद जिले में थाना बसना पुलिस ने पांच मोटरसाइकिलों पर आ रहे तस्करों को पकड़कर करीब 215 किलोग्राम गांजा बरामद किया। सभी आरोपी खुद को कपड़ा विक्रेता बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रहे थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा उड़ीसा के बालिगुड़ा क्षेत्र से लाया जा रहा था।

इसी दौरान एक अन्य कार्रवाई में 23 किलोग्राम गांजा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं थाना कोमाखान पुलिस ने टेमरी जांच नाका में घेराबंदी कर मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्तियों से करीब 9 किलो 60 ग्राम गांजा जब्त किया।

महासमुंद में गिरफ्तार आरोपी

पुलिस ने इस कार्रवाई में मेताप टाटिया, रमेश चौहान, राजू कुमावत टाकिया, दीपक राजपूत, प्रकाश बंजारा, मोहम्मद रिहान, मनोज सिंह, चंद्रशेखर, जितेंद्र और विकास को गिरफ्तार किया है। आरोपी मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों के निवासी बताए गए हैं।

महासमुंद में जब्त सामग्री

महासमुंद जिले में कुल 247 किलोग्राम गांजा, 7 मोटरसाइकिलें, 6 मोबाइल फोन और गांजा छिपाने में इस्तेमाल किए गए 5 लोहे के जाले जब्त किए गए। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 1 करोड़ 28 लाख 44 हजार रुपये आंकी गई है।

धमतरी में भी बड़ी कार्रवाई

धमतरी जिले में वाहन जांच के दौरान पुलिस ने 131.005 किलोग्राम गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने तीन मोटरसाइकिलें भी जब्त की हैं। आरोपियों ने यहां भी कपड़ा फेरीवाले बनकर तस्करी करने की कोशिश की थी।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों की मोटरसाइकिलों में भी विशेष कम्पार्टमेंट बनाए गए थे, जिनमें गांजा छिपाकर परिवहन किया जा रहा था। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि गांजा उड़ीसा से लाया जा रहा था।

धमतरी में गिरफ्तार आरोपी

धमतरी पुलिस ने राजेश ओबनी और दौलत सिंह को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है।

धमतरी में जब्त सामग्री

धमतरी जिले में 131 किलोग्राम गांजा, 3 मोटरसाइकिलें, 3 मोबाइल फोन और नकदी जब्त की गई। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 69 लाख 61 हजार रुपये बताई गई है।

लगातार बदल रहे तस्करी के तरीके

रायपुर रेंज पुलिस के अनुसार गांजा तस्कर लगातार नए-नए तरीके अपनाकर पुलिस को चकमा देने की कोशिश कर रहे हैं। इससे पहले एम्बुलेंस, केला परिवहन, मूवर्स एंड पैकर्स, ऑटो, बस ट्रेवल्स और ट्रेन के जरिए भी तस्करी के मामले सामने आ चुके हैं। अब कपड़ा फेरीवालों के भेष में तस्करी का नया तरीका सामने आया है, जिसे पुलिस ने समय रहते विफल कर दिया।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ओडिशा सीमा से लगे अंतरराज्यीय चेक पोस्टों पर लगातार सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है और भविष्य में भी मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!