आदि कर्मयोगी अभियान अंतर्गत जिले में होगा जनजातीय गरिमा उत्सव जनभागीदारी अभियान
19 से 25 मई तक आदि सेवा केंद्रों में होगा संतृप्ति शिविर का आयोजन
अभियान के संबंध में अधिकारियों की हुई समीक्षा बैठक
रिपोर्टर✒️कमलेश सिंह
कवर्धा,। जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार जिले में आदि कर्मयोगी अभियान अंतर्गत “जनजातीय गरिमा उत्सव जनभागीदारी अभियान” का आयोजन 18 मई से 25 मई 2026 तक किया जाएगा। यह अभियान पीएम जनमन एवं धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान अंतर्गत चिन्हांकित ग्रामों में संचालित किया जाएगा। इसके अंतर्गत ग्राम ध् कलस्टर स्तर पर 19 मई से 25 मई 2026 तक शिविर का आयोजन किया जाएगा।
अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर गोपाल वर्मा के निर्देशानुसार मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभिषेक अग्रवाल द्वारा आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के उद्देश्यों, गतिविधियों एवं ग्राम स्तर पर आयोजित होने वाले शिविरों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिला पंचायत सीईओ श्री अग्रवाल ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य “सबसे दूर, सबसे पहले” थीम के तहत जनजातीय क्षेत्रों में शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसके तहत 19 मई से 25 मई तक ग्राम स्तर पर जागरूकता एवं संतृप्ति शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, जनधन खाता, प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना, जाति प्रमाण पत्र, किसान क्रेडिट कार्ड, उज्ज्वला योजना सहित विभिन्न योजनाओं से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
सीईओ श्री अग्रवाल ने बताया कि शिविरों का आयोजन मुख्य रूप से आदि सेवा केंद्रों में किया जाएगा। साथ ही जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित कर प्राप्त शिकायतों का सूचीबद्ध निराकरण भी किया जाएगा। अभियान के दौरान फील्ड विजिट, लाभार्थी संवाद, योजनाओं की जानकारी, स्वास्थ्य शिविर तथा मोबाइल मेडिकल यूनिट (एमएमयू) के माध्यम से गांव-गांव में स्वास्थ्य जांच, सिकल सेल जांच एवं टीबी स्क्रीनिंग जैसी गतिविधियां भी संचालित की जाएंगी। इस दौरान सहायक आयुक्त एल पी पटेल ने इस संबंध में विस्तार से जानकारी दी। बैठक में जिला स्तरीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
