नौतपा की तपिश बढ़ाएगी परेशानी, 4 दिन बाद बारिश और तेज हवाओं से राहत के आसार
रायपुर में पारा 45 डिग्री के करीब, राजनांदगांव सबसे गर्म
रायपुर। प्रदेश में सोमवार से नौतपा की शुरुआत हो रही है, जिसके चलते छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी और बढ़ने के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो क्षेत्रों में लू चलने की संभावना बनी हुई है। राजधानी रायपुर में रविवार को अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि माना एयरपोर्ट में पारा 45 डिग्री तक पहुंच गया। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया।
गर्म और शुष्क हवाओं से बढ़ी तपिश
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक उत्तर-पश्चिम दिशा से आने वाली गर्म और शुष्क हवाओं के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिनों तक तेज गर्मी बने रहने की संभावना जताई है। इसके बाद मौसम प्रणाली में बदलाव होने के संकेत हैं, जिससे कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। विभाग ने वज्रपात की चेतावनी भी जारी की है।
अस्पतालों में बढ़ रहे हीट स्ट्रोक के मरीज
भीषण गर्मी का असर अब लोगों की सेहत पर भी दिखाई देने लगा है। रायपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल में रोजाना 80 से 100 मरीज हीट स्ट्रोक और गर्मी से जुड़ी समस्याओं के साथ पहुंच रहे हैं। वहीं जिला अस्पताल पांडरी में प्रतिदिन 50 से 60 मरीज उपचार के लिए आ रहे हैं। हमर अस्पताल और हमर क्लीनिकों में भी मरीजों की संख्या बढ़ गई है।
27 से 29 मई तक आंधी और बारिश के संकेत
मौसम विभाग के अनुसार 25 और 26 मई को प्रदेश के कुछ हिस्सों में लू चलने की संभावना है। वहीं 27 से 29 मई के बीच कई क्षेत्रों में तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश के आसार बन रहे हैं। 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है।
4 दिन बाद तापमान में गिरावट संभव
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चार दिनों तक तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा। इसके बाद अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
26 मई को केरल पहुंचेगा मानसून
मौसम वैज्ञानिक बीके चिंधालोरे ने बताया कि इस बार दक्षिण-पश्चिम मानसून सामान्य समय से पहले 26 मई को केरल पहुंच सकता है। मानसून के आगे बढ़ने के साथ नमीयुक्त हवाएं छत्तीसगढ़ तक पहुंचेंगी, जिससे नौतपा के दौरान भी गर्मी से राहत मिल सकती है। अनुमान है कि मानसून 5 से 7 जून के बीच छत्तीसगढ़ पहुंच सकता है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
