थाना बैरक बना शराबखाना, वर्दी में शराब पीते पकड़े गए दो आरक्षक निलंबित
एसपी अंकिता शर्मा की बड़ी कार्रवाई, पुलिस विभाग में मचा हड़कंप
राजनांदगांव । जिले के सोमनी थाना में पदस्थ दो पुलिसकर्मियों की अनुशासनहीनता सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। थाना परिसर के बैरक में वर्दी पहनकर शराब पीना दो आरक्षकों को भारी पड़ गया। मामले की जानकारी सीधे पुलिस अधीक्षक तक पहुंची, जिसके बाद तत्काल सख्त कार्रवाई करते हुए दोनों आरक्षकों को निलंबित कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार सोमनी थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक हेमंत अनंत और आरक्षक भूपेंद्र कौचे 25 मई की रात करीब 11 बजे थाना परिसर स्थित बैरक में शराब पी रहे थे। बताया जा रहा है कि दोनों ड्यूटी के दौरान ही शराब के नशे में थे। वर्दीधारी जवानों की इस हरकत की सूचना जैसे ही वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंची, पूरे मामले को गंभीरता से लिया गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने तत्काल जांच के निर्देश दिए। जांच में मामला सही पाए जाने पर दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
जारी आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि निलंबन अवधि के दौरान दोनों आरक्षक बिना सक्षम अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे। पुलिस विभाग ने इस कार्रवाई के जरिए साफ संदेश दिया है कि ड्यूटी के दौरान अनुशासनहीनता और गैरजिम्मेदाराना व्यवहार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस घटना के बाद पूरे जिले के पुलिस विभाग में हलचल तेज हो गई है। वहीं थाना परिसर में वर्दी पहनकर शराबखोरी का मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। लोगों का कहना है कि कानून व्यवस्था संभालने वाले जवानों से इस तरह की हरकत की उम्मीद नहीं की जा सकती।
पुलिस विभाग के अधिकारियों का कहना है कि विभाग की छवि खराब करने वाले कर्मचारियों पर आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
