ऑपरेशन ‘बाज’ के तहत लोरमी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हत्या के प्रयास के मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार, 4 नाबालिग बाल संप्रेक्षण गृह भेजे गए

0
IMG-20260602-WA1565

मुंगेली/लोरमी। जिले में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन बाज” के तहत लोरमी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ग्राम मोहतरा तेली में हुई चाकूबाजी और हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि घटना में शामिल चार नाबालिगों को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के नेतृत्व में थाना लोरमी पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। मामला थाना लोरमी क्षेत्र के ग्राम मोहतरा तेली का है, जहां पुरानी रंजिश और विवाद के चलते चाकूबाजी की गंभीर घटना सामने आई थी।

तालाब किनारे शुरू हुआ विवाद, चाकूबाजी तक पहुंचा मामला

पुलिस के अनुसार 30 दिसंबर 2025 की रात लगभग 10 बजे ग्राम मोहतरा तेली के पैटू तालाब के पास कमलेश यादव और गीताराम यादव बैठकर बातचीत कर रहे थे। उसी दौरान दो मोटरसाइकिलों में सवार छह से सात युवक वहां पहुंचे और बातचीत के दौरान गाली-गलौज करने लगे।

जब कमलेश यादव और गीताराम यादव ने उन्हें ऐसा करने से रोका तो दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे विश्राम यादव के साथ भी आरोपियों ने अभद्रता और मारपीट की।

आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए अपने पास रखे चाकूनुमा हथियार से हमला कर दिया। हमले में विश्राम यादव के सीने के नीचे गंभीर चोट आई, जबकि कमलेश यादव के पेट में चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

घटना के बाद घायल विश्राम यादव और कमलेश यादव को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोरमी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद विश्राम यादव को घर भेज दिया गया, जबकि कमलेश यादव की हालत गंभीर होने के कारण उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। बाद में उसका उपचार सिद्धार्थ अस्पताल मुंगेली में कराया गया।

घटना के संबंध में विश्राम यादव ने थाना लोरमी पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।

विवेचना में हत्या के प्रयास की धाराएं जोड़ी गईं

प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया था। लेकिन चिकित्सा रिपोर्ट और घायलों की स्थिति का परीक्षण करने के बाद यह स्पष्ट हुआ कि कमलेश यादव को गंभीर प्रकृति की चोटें आई हैं। इसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास से संबंधित धाराएं भी जोड़ दीं और आरोपियों की तलाश तेज कर दी।

मुखबिर और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी पहुंचे पुलिस की गिरफ्त में

लोरमी पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तलाश के लिए विशेष प्रयास शुरू किए। मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया।

पुलिस ने मामले में विशाल यादव (19 वर्ष), राजकुमार यादव (21 वर्ष) और मुकेश सिंह चौहान (30 वर्ष), निवासी तुलसाघाट लोरमी को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

चार नाबालिग भी निकले घटना में शामिल

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि घटना में चार नाबालिग भी शामिल थे। पुलिस ने सभी नाबालिगों को अभिरक्षा में लेकर उनकी सामाजिक पृष्ठभूमि की जांच की और वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए उन्हें बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया।

घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद

पुलिस ने एक नाबालिग की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया सब्जी काटने वाला चाकू भी बरामद कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य साक्ष्य भी एकत्रित कर लिए गए हैं, जिन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका

पूरे मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी अखिलेश वैष्णव, उपनिरीक्षक मानसिंह, प्रधान आरक्षक दयाल गवास्कर, लीलक साहू, चंद्रकुमार ध्रुव, आरक्षक राजू साहू, सीताराम बर्मन, युगल किशोर, देवीचंद नवरंग, गणेश ध्रुव सहित थाना लोरमी के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

आम जनता से पुलिस की अपील

मुंगेली पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की मारपीट, चाकूबाजी, हिंसक गतिविधि या कानून व्यवस्था से जुड़ी घटनाओं की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। समाज में शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ “ऑपरेशन बाज” के तहत लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!