सुशासन तिहार बना सहारा: व्हीलचेयर मिलने से फिर मुस्कुराई शांति बाई की जिंदगी
रायपुर । शासन की जनकल्याणकारी पहल सुशासन तिहार 2026 एक बार फिर संवेदनशील प्रशासन और त्वरित समाधान का उदाहरण बनकर सामने आई है। सूरजपुर जिला के प्रतापपुर विकासखंड के ग्राम बंशीपुर की वृद्ध दिव्यांग महिला श्रीमती शांति बाई को समाज कल्याण विभाग द्वारा व्हीलचेयर उपलब्ध कराई गई, जिससे उनके जीवन में नई उम्मीद और आत्मविश्वास का संचार हुआ है।
कुछ माह पूर्व हाथी के हमले में गंभीर रूप से घायल होने के कारण श्रीमती शांति बाई को अपना एक पैर गंवाना पड़ा था। इस दुर्घटना के बाद उनका दैनिक जीवन बेहद कठिन हो गया था। चलने-फिरने में असमर्थ होने के कारण वे दूसरों पर निर्भर हो गई थीं और घर से बाहर निकलना भी उनके लिए चुनौती बन गया था।
इसी बीच एक सामाजिक कार्यकर्ता ने उनकी स्थिति को देखते हुए नगर पंचायत द्वारा आयोजित सुशासन शिविर में व्हीलचेयर उपलब्ध कराने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन प्राप्त होते ही समाज कल्याण विभाग ने संवेदनशीलता दिखाते हुए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की और शीघ्र ही शांति बाई को व्हीलचेयर प्रदान कर दी।
व्हीलचेयर मिलने के बाद श्रीमती शांति बाई के चेहरे पर लौट आई मुस्कान इस बात का प्रमाण है कि शासन की योजनाएं जब जरूरतमंदों तक समय पर पहुंचती हैं, तो वे केवल सुविधा ही नहीं, बल्कि सम्मान और आत्मनिर्भरता भी प्रदान करती हैं। उन्होंने शासन और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उनका जीवन पहले की अपेक्षा काफी सहज हो जाएगा।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

