सुशासन तिहार शिविर में बिहान की महिलाओं को मिली आजीविका गतिविधियों के लिए 19 करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता
रायपुर । कोंडागांव जिले के ग्राम बड़ेकनेरा में आयोजित सुशासन तिहार शिविर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिहान से जुड़ी महिला स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को आजीविका गतिविधियों के विस्तार एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए कुल 19 करोड़ 32 लाख 76 हजार रुपये की ऋण सहायता राशि का चेक प्रदान किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने महिलाओं को नई आजीविका गतिविधियां प्रारंभ करने एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनने के लिए शुभकामनाएं दीं।
चेक प्राप्त करने के बाद महिला समूहों की सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। यह सहायता राशि जिला प्रशासन एवं जिला पंचायत के मार्गदर्शन में जिला मिशन प्रबंधन इकाई द्वारा संचालित लखपति पखवाड़ा अभियान के अंतर्गत प्राप्त मांगों के अनुरूप उपलब्ध कराई गई है।
भारत सरकार की लखपति दीदी योजना के तहत संचालित लखपति पखवाड़ा अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को आजीविका गतिविधियों से जोड़कर उनकी आय में वृद्धि करना तथा उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। अभियान के माध्यम से महिला समूहों की आवश्यकताओं का सर्वे कर ऋण सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे वे कृषि, पशुपालन, लघु उद्यम एवं अन्य स्वरोजगार आधारित गतिविधियों को प्रारंभ या विस्तारित कर सकें।
लखपति पखवाड़ा अभियान को ग्राम पंचायत स्तर पर चार चरणों में संचालित किया गया। प्रथम चरण में समूह सदस्यों से आजीविका गतिविधियों के लिए मांग प्राप्त की गई। द्वितीय चरण में मांग के अनुरूप संकुल स्तरीय संगठन द्वारा ग्राम संगठनों को राशि प्रदान की गई। तृतीय चरण में ग्राम संगठनों द्वारा संबंधित समूहों को राशि उपलब्ध कराई गई तथा चतुर्थ चरण में समूह सदस्यों को राशि का आवंटन किया गया।
जिला प्रशासन के अधिकारियो ने बताया कि इस अभियान के माध्यम से उन महिलाओं को भी प्राथमिकता दी जा रही है, जो पहली बार किसी आजीविका गतिविधि से जुड़कर अपनी आय बढ़ाने की इच्छा रखती हैं। इससे ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी तथा वे लखपति दीदी बनने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगी।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

