अमरकंटक में विश्व पर्यावरण दिवस पर शंभूधारा में हुआ वृहद पौधरोपण कार्यक्रम
पेड़-पौधे मानव जीवन की मूल आवश्यकता, रोपित पौधों का संरक्षण एवं संवर्धन हमारा दायित्व : कलेक्टर हर्षल पंचोली
संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय
अमरकंटक/अनूपपुर – मां नर्मदा की उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक के शंभूधारा क्षेत्र में शुक्रवार 5 जून 2026 को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया । कार्यक्रम में जिला प्रशासन , वन विभाग , जनजातीय कार्य विभाग , नगर परिषद , स्व-सहायता समूह की दीदियां , आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता करते हुए ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ अभियान के तहत पौधरोपण किया ।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने कहा कि पेड़-पौधों का संरक्षण एवं संवर्धन हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है । पेड़-पौधे हमें जीवन प्रदान करते हैं इसलिए इनके प्रति सजग और संवेदनशील रहना आवश्यक है । उन्होंने जिलेवासियों से अपनी मां के नाम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का आह्वान किया ।
कलेक्टर श्री पंचोली ने कहा कि वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन तथा वनों की अंधाधुंध कटाई गंभीर चिंता का विषय है । असमय बाढ़ , भूस्खलन , सूखा एवं जल संकट जैसी प्राकृतिक आपदाओं में लगातार वृद्धि हो रही है जिसके प्रमुख कारणों में वृक्षों की निरंतर कटाई शामिल है । उन्होंने कहा कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो जलवायु परिवर्तन के दुष्परिणाम और अधिक गंभीर हो सकते हैं । इस चुनौती से निपटने के लिए व्यापक स्तर पर पौधरोपण और वृक्षों के संरक्षण की आवश्यकता है ।
उन्होंने नदियों और वनों के परस्पर संबंध पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नदियों की समृद्धि और निरंतरता के लिए सघन वनों का होना अत्यंत आवश्यक है ।
अमरकंटक से मां नर्मदा उद्गमित होकर गुजरात की खंभात की खाड़ी तक प्रवाहित होकर करोड़ों लोगों के लिए जीवनदायिनी है । प्राचीन काल से ही नदियां और वन मानव सभ्यता के विकास और संरक्षण के आधार रहे हैं ।
कार्यक्रम में वनमंडलाधिकारी श्री डेविड व्यंकटराव चनाप ने बताया कि 5 जून से 21 जून तक पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे । इस दौरान स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा तथा नगर वन सिटी परियोजना के अंतर्गत लगभग 3 हजार पौधों का रोपण किया जाएगा । उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनके संरक्षण में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की ।
इस अवसर पर कर्नल ए.के. शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए । वहीं श्री शशिधर अग्रवाल ने एनसीसी कैडेट्स को सर्पदंश से बचाव , उपचार तथा वन्यजीवों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की ।

कलेक्टर ने किया बरगद के पौधे का रोपण
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने शंभूधारा तट पर बरगद का पौधा रोपित किया । वहीं वनमंडलाधिकारी श्री डेविड व्यंकटराव चनाप ने साल का पौधा लगाया । अमरकंटक नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती पार्वती सिंह एवं पुष्पराजगढ़ के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री वसीम अहमद भट्ट ने भी पौधरोपण किया । उपस्थित अमरकंटक के वन परिक्षेत्राधिकारी व्ही के श्रीवास्तव , नगर पालिका अधिकारी सीएमओ चैन सिंह परस्ते , पत्रकार आदि सभी उपस्थित जनो ने पौध रोपित किया ।
कार्यक्रम के दौरान आम , जामुन , बरगद , पीपल , साल , रुद्राक्ष , अर्जुन तथा गुलबकावली सहित विभिन्न प्रजातियों के लगभग 50 पौधों का रोपण किया गया ।
जनप्रतिनिधियों , अधिकारियों एवं एनसीसी कैडेट्स ने पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश देते हुए पौधों की देखभाल का संकल्प लिया ।
कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी वन , कार्यपालन यंत्री जल संसाधन विभाग , डीपीएम एनआरएलएम , जनजातीय कार्य विभाग के क्षेत्र संयोजक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी , स्व-सहायता समूह की महिलाएं एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहे ।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

