महाराणा प्रताप जयंती पर तखतपुर पहुंचेंगे उप मुख्यमंत्री अरुण साव, तैयारियां तेज
तखतपुर। राजपूत क्षत्रीय समाज द्वारा महाराणा प्रताप जयंती का भव्य आयोजन 18 जून को तखतपुर में किया जाएगा। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी नगर इकाई तखतपुर के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आयोजन में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
समाज की ओर से जारी जानकारी के अनुसार कार्यक्रम की अध्यक्षता तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह करेंगे। वहीं पूर्व विधायक राजू सिंह क्षत्रिय, राजपूत क्षत्रीय समाज के केंद्रीय अध्यक्ष दारा सिंह राजपूत, परिक्षेत्रीय अध्यक्ष नर्मदा सिंह राजपूत, बिहारी प्रताप सिंह राजपूत, मनोज सिंह राजपूत, दिलीप सिंह राजपूत, रामशरण सिंह राजपूत, नगर पालिका परिषद तखतपुर की अध्यक्ष रवींद्र कौर मक्कड़, किसान मोर्चा अध्यक्ष दिनेश राजपूत, भाजपा पार्षद एवं नेता प्रतिपक्ष कोमल सिंह ठाकुर तथा जिला महामंत्री वंदना बाला सिंह सहित अनेक गणमान्य अतिथि कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए 4 जून को महाराणा प्रताप भवन तखतपुर में समाज की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन की रूपरेखा, अतिथियों के स्वागत, सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। परिक्षेत्रीय अध्यक्ष नर्मदा सिंह राजपूत ने बताया कि समाज द्वारा इस वर्ष महाराणा प्रताप जयंती को ऐतिहासिक एवं गरिमामय स्वरूप देने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
बैठक में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए इस वर्ष प्रस्तावित बाइक रैली को स्थगित करने का फैसला किया गया। समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ईंधन की खपत कम करने और पर्यावरण संरक्षण के लिए किए गए आह्वान को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया है। समाज के वरिष्ठजनों एवं युवाओं ने माना कि राष्ट्रहित और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देना समय की आवश्यकता है।
समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन त्याग, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक रहा है। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए समाज आज भी राष्ट्रहित में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए प्रतिबद्ध है। ईंधन संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बाइक रैली स्थगित करने का निर्णय लिया गया है, जो समाज की सकारात्मक सोच और जिम्मेदार नागरिक होने का परिचायक है।
बैठक में केंद्रीय अध्यक्ष दारा सिंह राजपूत, केंद्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष विश्वनाथ सिंह राजपूत, केंद्रीय महासचिव लखन सिंह राजपूत, केंद्रीय कोषाध्यक्ष तोप सिंह तोमर, केंद्रीय सह सचिव महेश सिंह राजपूत, केंद्रीय संगठन सचिव एवं प्रवक्ता जलेश्वर सिंह राजपूत, परिक्षेत्रीय अध्यक्ष नर्मदा सिंह राजपूत, दिलीप सिंह राजपूत, मनोज सिंह राजपूत, नारायण सिंह तखतपुर, हुकम सिंह, पोषण सिंह, ऋषि कुमार, कोमल सिंह ठाकुर, चिंटू सिंह राजपूत सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी एवं सामाजिक बंधु उपस्थित रहे।
समाज के केंद्रीय मीडिया प्रभारी रवि सिंह ठाकुर ने बताया कि महाराणा प्रताप जयंती समारोह को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं तथा समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की गई है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

