मरीजों की सुविधा सर्वाेपरि -मंत्री केदार कश्यप
भानपुरी अस्पताल पहुंचकर वन मंत्री श्री कश्यप ने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का लिया जायजा
जीवनदीप समिति की बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की
रायपुर । वन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने आज अपने जगदलपुर प्रवास के दौरान भानपुरी सिविल अस्पताल एवं करंदोला में आयोजित जीवनदीप समिति की बैठक में शामिल होकर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने चिकित्सकों की उपलब्धता, दवाओं के भंडारण, जांच सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीजों को समय पर उपचार, आवश्यक दवाएं और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मिल रही मजबूती केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। विशेष रूप से ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक संसाधन और व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं, ताकि लोगों को अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ और आसान तरीके से उपलब्ध हों।
मरीजों को मिले गुणवत्तापूर्ण और संवेदनशील स्वास्थ्य सेवा वन मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं सीधे आम जनता के जीवन से जुड़ी हैं। अस्पतालों में पर्याप्त दवाएं, आधुनिक जांच सुविधाएं, साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था और मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज को सहज, सरल और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलें। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अव्यवस्था पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
सरकार की प्राथमिकता है बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं श्री कश्यप ने कहा कि क्षेत्रवासियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए आवश्यक सभी कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि आम जनता को बेहतर उपचार और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके। बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी तथा जीवनदीप समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

