मोदी सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष बेमिसाल : किरण देव
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष देव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने पर दीं हार्दिक शुभकामनाएँ
‘छत्तीसगढ़ को मिला विकास का नया आयाम, डबल इंजन सरकार में प्रदेश छू रहा प्रगति की नई ऊँचाइयाँ’

रायपुर । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के ‘सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण’ के गौरवशाली 12 वर्ष सफ़लतापूर्वक पूरे होने पर उन्हें छत्तीसगढ़ के समस्त नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। श्री देव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 12 वर्षों का यह कार्यकाल भारत के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। श्री मोदी ने देश को तुष्टीकरण और भ्रष्टाचार के दलदल से निकालकर विकासवाद, राष्ट्रवाद और आत्मनिर्भरता के मार्ग पर अग्रसर किया है। आज भारत विश्व पटल पर एक सशक्त और स्वाभिमानी राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने कहा कि श्री मोदी ने राजनीति के केंद्र में ‘गरीब’ को रखा। बीते 12 वर्षों में देश के करोड़ों लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकालना इस सरकार की सबसे बड़ी मानवीय और ऐतिहासिक उपलब्धि है। ‘प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना’ के तहत देश के 80 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त राशन और ‘पीएम आवास योजना’ के तहत करोड़ों परिवारों को पक्का मकान मिला। ‘आयुष्मान भारत योजना’ ने देश के गरीब परिवारों को 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की गारंटी देकर उन्हें जीवनदान दिया है। ‘जल जीवन मिशन’ के जरिए करोड़ों ग्रामीण घरों तक शुद्ध पेयजल और ‘उज्ज्वला योजना’ के माध्यम से माताओं-बहनों को धुएं से मुक्ति मिली है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने कहा कि भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार करते हुए श्री मोदी ने डीबीटी और जनधन खातों के त्रिशूल ने बिचौलियों की संस्कृति को खत्म कर शत-प्रतिशत राशि सीधे गरीबों के खातों में पहुंचाई। सांस्कृतिक पुनर्जागरण और राष्ट्रीय सुरक्षा की दिशा में किए गए कार्यों की चर्चा करते हुए श्री देव ने कहा कि अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम और महाकाल लोक का पुनर्विकास भारत के सांस्कृतिक पुनरुत्थान के प्रतीक हैं। अनुच्छेद 370 की समाप्ति, सर्जिकल व एयर स्ट्राइक और आंतरिक सुरक्षा को मजबूत कर मोदी जी ने ‘नया भारत’ की ताकत का अहसास दुनिया को कराया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के दिल में छत्तीसगढ़ के लिए विशेष स्थान है। चाहे वह बस्तर के सुदूर अंचलों में कनेक्टिविटी का विस्तार हो, किसानों से रिकॉर्ड धान खरीदी का समर्थन हो, या जनजातीय समाज के कल्याण के लिए ‘पीएम जनमन योजना’ की शुरुआत हो, केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी है। अब राज्य में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में ‘डबल इंजन’ की सरकार मोदी की गारंटियों को तेजी से पूरा कर रही है। श्री देव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में देश ‘विकसित भारत @2047’ के संकल्प को सिद्ध करने के लिए निरंतर आगे बढ़ रहा है। श्री देव ने ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्र सेवा के इस महायज्ञ में निरंतर ऊर्जावान बने रहने की मंगल कामना की है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
