केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के प्रयास लाए रंग-तखतपुर-कुकुसदा मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण को मिली प्रशासकीय स्वीकृत
- लागत ₹2235.66 लाख (22.35 करोड़) की प्रशासकीय स्वीकृति शासन द्वारा जारी
- मुंगेली और तखतपुर क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को आवागमन में मिलेगी बड़ी राहत
बिलासपुर/मुंगेली । संसदीय क्षेत्र बिलासपुर के विकास और जन-सुविधाओं को प्राथमिकता देने की कड़ी में मुंगेली-तखतपुर क्षेत्र के निवासियों के लिए एक बड़ी और ऐतिहासिक खुशखबरी है। केंद्रीय आवास और शहरी मामले राज्य मंत्री तोखन साहू की विशेष पहल और प्रभावी पैरवी के बाद, लंबे समय से प्रतीक्षित तखतपुर-कुकुसदा मार्ग (कुल लंबाई 16.50 किलोमीटर) के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य को शासन द्वारा औपचारिक प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।
इस महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्य के लिए ₹2235.66 लाख (22.35 करोड़ रुपये) का बजट मंजूर किया गया है। प्रमुख अभियंता, लोक निर्माण विभाग (PWD), नवा रायपुर द्वारा भेजे गए प्राक्कलन पर छत्तीसगढ़ शासन के लोक निर्माण विभाग मंत्रालय द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए यह बड़ी प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है।
केंद्रीय मंत्री की त्वरित पैरवी और मुख्यमंत्री का आभार
उल्लेखनीय है कि जिला मुंगेली के इस व्यस्त मार्ग की स्थिति को देखते हुए जनहित में इसका चौड़ीकरण और मजबूतीकरण नितांत आवश्यक था। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने इस जन-समस्या को गंभीरता से लेते हुए छत्तीसगढ़ के यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को अर्द्धशासकीय पत्र लिखकर इस कार्य को बजट मद क्रमांक 6836 के तहत जल्द से जल्द स्वीकृत करने का विशेष अनुरोध किया था। माननीय मुख्यमंत्री जी के संवेदनशील और त्वरित निर्देशों के बाद इस लोक-कल्याणकारी कार्य को शासन की हरी झंडी मिल गई है।
मैदानी स्तर पर निर्माण की तैयारी शुरू
प्रशासकीय स्वीकृति मिलने के साथ ही अब विभाग द्वारा जमीनी स्तर पर टेंडर और निर्माण की प्रक्रिया को शुरू करने की तैयारी कर ली गई है। प्रमुख अभियंता कार्यालय द्वारा मुख्य अभियंता (बिलासपुर परिक्षेत्र), अधीक्षण अभियंता (बिलासपुर मंडल) और कार्यपालन अभियंता (लोक निर्माण संभाग, मुंगेली) को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया जा चुका है जिसका निविदा प्रक्रिया पुर्ण हो चुकी है
क्षेत्र में हर्ष का माहौल*
16.50 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के सुदृढ़ीकरण से तखतपुर और मुंगेली संभाग के दर्जनों गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से सुगम हो जाएगा। इस बड़ी सौगात पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने कहा कि हमारा उद्देश्य क्षेत्र के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत कर अंतिम व्यक्ति तक विकास की मुख्यधारा को पहुंचाना है। तखतपुर-कुकुसदा मार्ग के बनने से राहगीरों, किसानों, व्यापारियों और ग्रामीणों को परिवहन में बड़ी सहूलियत होगी। इस बड़ी स्वीकृति के लिए मैं माननीय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और छत्तीसगढ़ सरकार का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ।
इस बहुप्रतीक्षित कार्य की प्रशासकीय स्वीकृति मिलने पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने माननीय केंद्रीय मंत्री तोखन साहू के प्रयासों और प्रदेश सरकार के प्रति अपनी गहरी कृतज्ञता प्रकट की है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

