कृषक उन्नति योजना से बदली किसान की तस्वीर, रूपनारायण बने आत्मनिर्भर खेती के मिसाल
रायपुर । छत्तीसगढ़ सरकार की किसान हितैषी नीतियां और योजनाएं प्रदेश के किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। खेती को लाभकारी व्यवसाय बनाने की दिशा में संचालित कृषक उन्नति योजना किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। सूरजपुर जिले के ग्राम जयनगर निवासी किसान श्री रूपनारायण इसकी एक प्रेरक मिसाल बनकर उभरे हैं।
साधारण किसान परिवार से आने वाले रूपनारायण ने शासन की योजनाओं का लाभ उठाकर न केवल अपनी खेती को अधिक लाभकारी बनाया, बल्कि आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में भी उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। उनके पास कुल 2.89 हेक्टेयर कृषि भूमि है, जिसमें उन्होंने 2.55 हेक्टेयर क्षेत्र में धान की खेती की। कृषि विभाग के तकनीकी मार्गदर्शन, उन्नत बीजों के उपयोग और वैज्ञानिक खेती की पद्धतियों को अपनाकर उन्होंने बेहतर उत्पादन प्राप्त किया।
धान खरीदी व्यवस्था के अंतर्गत श्री रूपनारायण ने 100 क्विंटल धान का विक्रय किया। उन्हें केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य 2369 रूपये प्रति क्विंटल के साथ राज्य सरकार द्वारा कृषक उन्नति योजना के तहत 731 रूपये प्रति क्विंटल की अतिरिक्त सहायता राशि प्राप्त हुई। इस प्रकार उन्हें कुल 3100 रूपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान मिला।
धान विक्रय के एवज में उन्हें 2 लाख 36 हजार 900 रूपये की समर्थन मूल्य राशि तथा 73 हजार 100 रूपये की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि प्राप्त हुई। कुल मिलाकर उन्हें 3 लाख 10 हजार रूपये की आय हुई, जिसने उनके परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत आधार प्रदान किया। इस राशि का उपयोग उन्होंने खेती को और उन्नत बनाने, कृषि संसाधनों में निवेश करने तथा परिवार की आवश्यकताओं की पूर्ति में किया।
श्री रूपनारायण बताते हैं कि पहले खेती से सीमित आय होती थी, लेकिन अब शासन की योजनाओं और आधुनिक कृषि तकनीकों के कारण खेती लाभ का सौदा बनती जा रही है। उनका मानना है कि यदि किसान वैज्ञानिक खेती अपनाएं और शासन द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ लें तो वे अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकते हैं।
आज श्री रूपनारायण अपने क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए प्रेरणा स्रोत बन गए हैं। उनकी सफलता यह दर्शाती है कि सही मार्गदर्शन, आधुनिक तकनीक और शासन के सहयोग से खेती को समृद्धि का माध्यम बनाया जा सकता है। कृषक उन्नति योजना प्रदेश के किसानों के जीवन में आर्थिक खुशहाली और आत्मविश्वास का नया अध्याय लिख रही है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

