13 जून को रायपुर के इंडोर स्टेडियम में उमड़ेगा NHM कर्मियों का जनसैलाब
कर्मचारी जगत का बड़ा सम्मेलन
सीएमएचओ, सीएस को दिया सामूहिक अवकाश का सूचना पत्र
मुख्यमंत्री साय होंगे मुख्य अतिथि
स्वास्थ्य मंत्री सहित कई कैबिनेट मंत्री होंगे शामिल,
18 हजार से अधिक कर्मचारी एवं अधिकारी परिवार सहित रहेंगे उपस्थित
रायगढ़ । छत्तीसगढ़ प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कर्मचारी संघ द्वारा 13 जून 2026, शनिवार को रायपुर स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन का भव्य आयोजन किया जा रहा है।
महासम्मेलन में प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित विभिन्न कैबिनेट मंत्री एवं जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है।

संघ के पदाधिकारियों के अनुसार महासम्मेलन में प्रदेश के सुदूर वनांचल एवं ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों के उप स्वास्थ्य केंद्रों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों, मंत्रालय तथा अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में कार्यरत 18 हजार से अधिक NHM कर्मचारी एवं अधिकारी अपने परिवार सहित शामिल होंगे।
कार्यक्रम को लेकर प्रदेशभर में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं तथा सभी जिलों से बड़ी संख्या में कर्मचारियों के रायपुर पहुंचने की तैयारी की जा रही है। कर्मचारियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए जिला स्तर पर भी लगातार बैठकें एवं समन्वय किया जा रहा है।
संघ का मानना है कि यह महासम्मेलन NHM कर्मचारियों की एकजुटता, समर्पण एवं स्वास्थ्य सेवाओं में उनके महत्वपूर्ण योगदान को प्रदर्शित करने का एक ऐतिहासिक अवसर होगा। कार्यक्रम को लेकर कर्मचारियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है तथा जिलों में तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
संघ के प्रांतीय प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात कर उन्हें महासम्मेलन में शामिल होने का आमंत्रण दिया था, जिसे मुख्यमंत्री ने सहर्ष स्वीकार किया। मुख्यमंत्री की सहमति के बाद प्रदेशभर के NHM कर्मचारियों में उत्साह और बढ़ गया है।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि हड़ताल के दौरान कर्मचारियों की विभिन्न मांगों के संबंध में विभाग द्वारा दिए गए लिखित आश्वासनों के क्रियान्वयन को लेकर विभागीय स्तर पर सकारात्मक पहल एवं प्रक्रिया प्रारंभ होने की जानकारी प्राप्त हो रही है। कर्मचारियों को आशा है कि लंबित विषयों जैसे चिकित्सा परिचर्या, नई मानव संसाधन नीति, वेतन वृद्धि, अनुकम्पा नियुक्ति, ग्रेड पे, स्थानांतरण नीति एवं नियमितीकरण संबंधी मांगों पर सार्थक परिणाम की उम्मीद है। इससे कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को लाभ मिलने की संभावना है।

संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमित मिरी, डॉ. रविशंकर दीक्षित,कौसलेश तिवारी, प्रदेश प्रवक्ता पुरन दास, संरक्षक हेमंत सिन्हा, जिलाध्यक्ष शकुंतला एक्का एवं वैभव डियोडिया ने बताया कि मुख्यमंत्री की गरिमामयी उपस्थिति से कर्मचारियों में भारी उत्साह का वातावरण है,महासम्मेलन की सभी आवश्यक तैयारियां लगभग पूर्ण कर ली गई हैं। यह आयोजन NHM कर्मचारियों की एकता, संगठनात्मक शक्ति एवं स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति उनके समर्पण का ऐतिहासिक कार्यक्रम होगा।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

