अवैध खनन पर खनिज विभाग का बड़ा प्रहार: 3 हाइवा, 3 ट्रैक्टर-ट्रॉली, जेसीबी और ट्रेलर जब्त, कोयला डिपो सील

0
Screenshot_20260613_131345

बिलासपुर। जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आठ वाहनों एवं मशीनों को जब्त किया है। कलेक्टर के निर्देश और उप संचालक खनिज के मार्गदर्शन में खनिज विभाग द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। हालिया कार्रवाई में अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर एक कोयला भंडारण डिपो को भी सील कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार 10 जून 2026 को खनिज विभाग और सकरी पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम गतौरी में संचालित बालाजी कोल ट्रेडिंग एंड कंस्ट्रक्शन के अस्थायी कोयला भंडारण केंद्र का निरीक्षण किया। जांच के दौरान भंडारण अनुज्ञप्ति धारक द्वारा कोयले की गुणवत्ता में कथित मिलावट, हेरफेर तथा भंडारण अनुज्ञा की शर्तों के उल्लंघन के मामले सामने आए। टीम ने मौके से एक ट्रेलर वाहन और एक जेसीबी मशीन जब्त कर ली। जब्त वाहन एवं मशीन को कोनी थाना की अभिरक्षा में रखा गया है। साथ ही संबंधित भंडारण अनुज्ञा को तत्काल प्रभाव से सीलबंद कर दिया गया।

इसके बाद 11 एवं 12 जून को खनिज अमले ने सकरी, कोटा, विजयपुर, दर्री और तखतपुर क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान दर्री-विजयपुर क्षेत्र में गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए एक हाइवा वाहन पकड़ा गया। वहीं सकरी क्षेत्र में खनिज रेत का परिवहन कर रहे एक हाइवा और गिट्टी ले जा रहे एक अन्य हाइवा वाहन को भी जब्त किया गया।

NTPC World Environment Day

खनिज विभाग की कार्रवाई यहीं नहीं रुकी। बिलासपुर और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले की सीमा से लगे खोगसरा क्षेत्र में संयुक्त जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान अरपा नदी क्षेत्र में अवैध रूप से रेत उत्खनन करते हुए तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली को रंगे हाथ पकड़ा गया। विभागीय अधिकारियों ने मौके पर ही वाहनों को जब्त कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी।

अधिकारियों के अनुसार कुल मिलाकर तीन हाइवा, तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली, एक जेसीबी मशीन और एक ट्रेलर वाहन सहित आठ वाहनों एवं मशीनों को जब्त किया गया है। इन्हें कोनी, सकरी, तखतपुर और गौरेला थाना की अभिरक्षा में रखा गया है।

खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग का कहना है कि प्राकृतिक संसाधनों की चोरी और शासन को राजस्व हानि पहुंचाने वाले तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस सख्ती से अवैध खनन कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।

स्थानीय लोगों का मानना है कि लगातार हो रही ऐसी कार्रवाइयों से अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश लगेगा और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ-साथ शासन के राजस्व की भी रक्षा हो सकेगी। वहीं प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे अवैध खनन या परिवहन की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!