मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर को दी 41.68 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात
बिलासपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को बिलासपुर जिले के बोदरी में आयोजित संत गाडगे जयंती समारोह एवं कन्नौजिया रजक समाज सम्मेलन में शामिल होकर क्षेत्रवासियों को विकास की बड़ी सौगात दी। इस अवसर पर उन्होंने जिले में 41 करोड़ 68 लाख 48 हजार रुपये की लागत से होने वाले कुल छह सड़क निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गांव, गरीब, किसान और आम नागरिकों की सुविधा को केंद्र में रखकर विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रही है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम के दौरान 25 करोड़ 95 लाख 68 हजार रुपये की लागत से पूर्ण हुए चार सड़क निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें चकरभांठा से दागोंरी पहुंच मार्ग, एफसीआई गोदाम परिसर में सड़क निर्माण, हिरी से बिल्हा पहुंच मार्ग तथा दगोरी मुख्य मार्ग से मोहतरा पहुंच मार्ग शामिल हैं। इन सड़कों के शुरू होने से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्रीय विकास को नई गति प्राप्त होगी।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने 15 करोड़ 72 लाख 80 हजार रुपये की लागत वाले दो महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्यों का शिलान्यास भी किया। इनमें दर्री-धुमा-शिल्पहरी मार्ग तथा हथनी नवागांव-गोढ़ी-उडगन मार्ग का निर्माण कार्य शामिल है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने पर क्षेत्र के हजारों लोगों को सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध होगी और व्यापार, कृषि तथा अन्य आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होती हैं। बेहतर सड़क संपर्क से शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और रोजगार के अवसर बढ़ते हैं। राज्य सरकार प्रदेश के सभी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कर रही है ताकि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल, विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल, सुशांत शुक्ला, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी तथा महापौर पूजा विधानी सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित थे।
क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री द्वारा दी गई विकास परियोजनाओं की सौगात का स्वागत करते हुए इसे बिलासपुर जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

