NTPC World Environment Day

अयोध्या का पंडित बताकर ढाई लाख की ठगी, तारबाहर पुलिस ने दुर्ग से दबोचा आरोपी

0
IMG-20260615-WA1450

अमीर बनाने का झांसा देकर व्यापारी से की थी धोखाधड़ी, दूसरे आरोपी की तलाश जारी

बिलासपुर। व्यापार विहार क्षेत्र में एक किराना व्यापारी को अमीर बनाने का लालच देकर ढाई लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी के खिलाफ तारबाहर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को दुर्ग से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि उसका साथी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना तारबाहर में अपराध क्रमांक 194/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। प्रकरण के अनुसार जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रोगदा निवासी 57 वर्षीय जनकराम साहू 12 जून 2026 को व्यापार विहार बिलासपुर में किराना एवं गल्ला सामान खरीदने पहुंचे थे। उनके पास एक थैले में बड़ी रकम रखी हुई थी।

इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्तियों ने उनसे संपर्क किया और स्वयं को अयोध्या का पंडित बताया। आरोपियों ने धार्मिक प्रभाव और चमत्कारिक दावों का सहारा लेते हुए उन्हें अमीर बनाने का झांसा दिया। बातचीत के दौरान दोनों आरोपियों ने विश्वास में लेकर करीब ढाई लाख रुपये से भरा थैला लेकर फरार हो गए।

घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह को अवगत कराया गया। उनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री पंकज कुमार पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक सिटी कोतवाली श्री गगन कुमार के मार्गदर्शन में तारबाहर पुलिस ने जांच शुरू की।

थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र अनंत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान आरोपियों की पहचान होने पर पुलिस टीम ने दुर्ग में घेराबंदी कर मुख्य आरोपी हैदर अली अंसारी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान हैदर अली अंसारी (60 वर्ष), निवासी केला बाड़ी, थाना पद्मनाभपुर, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के विरुद्ध पूर्व में चोरी और ठगी के कई मामले दर्ज हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार मामले में शामिल दूसरा आरोपी वासिम खान पिता वकार अहमद खान, निवासी केला बाड़ी, जिला दुर्ग अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और पुलिस को जल्द सफलता मिलने की उम्मीद है।

तारबाहर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपियों ने इस तरह की ठगी की अन्य घटनाओं को भी अंजाम दिया है या नहीं।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र अनंत, उप निरीक्षक संजय शर्मा, आरक्षक नुरूल कादिर एवं आरक्षक राजेश श्रीवास की विशेष भूमिका रही, जिनके प्रयासों से आरोपी तक पहुंचना संभव हो सका।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति द्वारा धार्मिक, चमत्कारिक या धन दोगुना करने जैसे प्रलोभन दिए जाने पर सतर्क रहें तथा तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!