जो कल तक दिखाता था रौब, पुलिस की दबिश पड़ते ही निकली हेकड़ी
बंधक बनाकर मारपीट और वाहन लूटकांड में दो गिरफ्तार, लूटा गया टाटा पिकअप बरामद
बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में कबाड़ कारोबार की आड़ में दबंगई और गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। इलाके में रौब और रसूख दिखाने वाले आरोपियों की हेकड़ी उस वक्त निकल गई जब पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए उन्हें दबोच लिया। बंधक बनाकर मारपीट, धमकी और वाहन लूट के मामले में सिरगिट्टी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया टाटा पिकअप वाहन भी बरामद कर लिया है।
जानकारी के अनुसार सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में कबाड़ कारोबार को लेकर विवाद धीरे-धीरे आपराधिक रूप ले बैठा। आरोप है कि कुछ दबंग किस्म के लोगों ने मिलकर एक युवक को कबाड़ी दुकान में बंधक बना लिया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी गई। इतना ही नहीं, आरोपियों ने दबाव बनाकर उसका टाटा पिकअप वाहन भी जबरन कब्जे में ले लिया।
घटना की शिकायत मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस हरकत में आई और मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद फिरोज और अब्दुल सफीर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर प्रार्थी के साले को बंधक बनाया, उसके साथ मारपीट की और वाहन लूट की वारदात को अंजाम दिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया टाटा पिकअप वाहन भी बरामद कर लिया। वहीं मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अब्दुल सफीर का आपराधिक इतिहास भी काफी चर्चित रहा है। उसके खिलाफ पूर्व में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर अपराध दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। वह पहले भी जेल जा चुका है। क्षेत्र में लंबे समय से उसकी दबंग छवि और आपराधिक गतिविधियों को लेकर चर्चाएं होती रही हैं।
स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा रही कि आरोपी कबाड़ कारोबार से जुड़े कुछ लोगों को संरक्षण देने और प्रतिस्पर्धी कारोबारियों की एंट्री रोकने की कोशिशों में सक्रिय था। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी शेष है और अंतिम निर्णय न्यायिक प्रक्रिया के अधीन रहेगा।
इस पूरे मामले में बिलासपुर पुलिस की सख्ती स्पष्ट रूप से नजर आई। एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर सिरगिट्टी पुलिस ने बिना देर किए अपराध दर्ज किया और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से अपराध जगत में स्पष्ट संदेश गया है कि जिले में गुंडागर्दी, रंगदारी और संगठित अपराध करने वालों के खिलाफ किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी को जल्द कानून के दायरे में लाया जाएगा।
सिरगिट्टी पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराध पर लगाम लगाने की दिशा में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने भी पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए ऐसे अपराधियों के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई की मांग की है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

