घरेलू विवाद में पत्नी की हत्या, 24 घंटे के भीतर पति गिरफ्तार
कापू पुलिस की त्वरित कार्रवाई, हत्या में प्रयुक्त डंडा और कपड़े बरामद
रायगढ़। रायगढ़ जिले के कापू थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद ने दर्दनाक मोड़ ले लिया, जहां एक पति ने मामूली विवाद के बाद अपनी पत्नी की हत्या कर दी। रायगढ़ पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, घटना ग्राम पारेमेर की है। 28 जून 2026 की सुबह थाना कापू पुलिस को सूचना मिली कि गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
घटनास्थल पर जीतो बाई मंझवार (43 वर्ष) का शव उसके घर में मिला। पुलिस ने मर्ग पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रारंभिक जांच और चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर मामला हत्या का प्रतीत होने पर पुलिस ने मृतिका के पति के खिलाफ संदेह के आधार पर जांच तेज कर दी।

मर्ग जांच और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मृतका के पति रामनाथ मंझवार की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद थाना कापू में अपराध क्रमांक 104/2026 के तहत धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए गांव छोड़कर फरार होने की तैयारी कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी रामनाथ मंझवार (50 वर्ष) को दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि घटना वाली रात पत्नी के साथ मामूली बात को लेकर विवाद हुआ था। भोजन के बाद पत्नी जीतो बाई आंगन में सो गई थी। आरोपी ने उसे घर के अंदर सोने के लिए कहा, लेकिन जब वह नहीं मानी तो दोनों के बीच झगड़ा बढ़ गया।
आरोपी ने पहले पत्नी के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की और बाद में गुस्से में आकर लकड़ी के डंडे से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
आरोपी के मेमोरेंडम बयान के आधार पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा तथा घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद कर जब्त किए। पूरी जब्ती प्रक्रिया ई-साक्ष्य और वीडियोग्राफी के साथ पूरी की गई।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी इगेश्वर यादव, प्रधान आरक्षक सोमेश गोस्वामी, आरक्षक जागेश्वर मरावी तथा महिला आरक्षक संगीता राठिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
महिला संबंधी अपराधों पर सख्त रुख
रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिला संबंधी गंभीर अपराधों में त्वरित और कठोर कार्रवाई सर्वोच्च प्राथमिकता है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि क्षणिक आवेश में किया गया अपराध पूरे परिवार को तबाह कर देता है, इसलिए विवादों का समाधान संवाद और संयम से किया जाना चाहिए।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

